खिलाड़ियों को बेहतर खेल माहौल उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता: बैरवा

बारां, 31 मई (वार्ता) राजस्थान में जिला फुटबॉल संघ बारां के तत्वावधान में आयोजित 20 दिवसीय ग्रीष्मकालीन फुटबॉल प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ रविवार को श्रीराम स्टेडियम में हुआ। बारां विधायक राधेश्याम बैरवा ने शिविर का उद्घाटन करने के बाद कहा कि जिले के खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं, आधुनिक संसाधन एवं सकारात्मक खेल वातावरण उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सरकार एवं जनप्रतिनिधि हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। खिलाड़ियों को प्रोत्साहन और संसाधन उपलब्ध कराकर उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की दिशा में लगातार कार्य किया जाएगा। श्री बैरवा ने बताया कि राज्य सरकार की बजट घोषणा के अनुरूप श्रीराम स्टेडियम के आधुनिकीकरण एवं कायाकल्प की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और जल्द ही निर्माण कार्य आरंभ होगा। स्टेडियम के विकसित होने से खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और खेल गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि जिले के विभिन्न खेल संघों एवं खिलाड़ियों द्वारा खेल विकास से संबंधित जो भी प्रस्ताव दिए जाएंगे, उन्हें प्राथमिकता के साथ खेल मंत्री एवं मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा ताकि बारां जिले में खेलों के विकास का मजबूत आधार तैयार किया जा सके। जिला फुटबॉल संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष निर्मल माथोडिया ने बताया कि शिविर में खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण एवं तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए कोलकाता से अनुभवी फुटबॉल कोच को आमंत्रित किया गया है। कोच खिलाड़ियों को आधुनिक फुटबॉल तकनीक, फिटनेस, रणनीति एवं खेल की बारीकियों का प्रशिक्षण देंगे। उनके साथ स्थानीय प्रशिक्षक प्रदीप हाड़ा, कृष्ण कुमार नामदेव एवं कुशलराज शर्मा भी खिलाड़ियों को प्रशिक्षण प्रदान करेंगे। संघ के प्रवक्ता सुनील शर्मा ने बताया कि शिविर में 20 वर्ष तक आयु वर्ग के खिलाड़ी शिरकत कर सकते हैं। शिविर के प्रथम दिन लगभग 30 खिलाड़ियों ने अपना पंजीयन कराया।

Next Post

खडसे ने प्रबंधक, कोच और युवा फुटबॉल खिलाडियों से की बातचीत

Sun May 31 , 2026
शिलांग/गुवाहाटी 31 मई (वार्ता) केंद्रीय खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने रविवार को नॉर्थईस्ट यूनाइटेड फुटबॉल क्लब का दौरा कर प्रबंधन, कोचिंग स्टाफ और युवा फुटबॉलरों से बातचीत की। उन्होंने पूरे देश से, खासकर नॉर्थ ईस्ट क्षेत्र से, फुटबॉल प्रतिभा को पहचानने और निखारने की दिशा में क्लब के प्रयासों […]

You May Like