
हटा/दमोह। हटा थाना क्षेत्र के नवोदय वार्ड में हुई लाखों रुपए के सोने, चांदी के जेवरात की चोरी का बुधवार दोपहर पुलिस ने खुलासा कर दिया.हटा थाना प्रभारी सुधीर बेगी ने बताया कि इस मामले का मुख्य आरोपी पीड़ित का रिश्ते का साला ही निकला है. जिसके पास से चोरी किया गया माल बरामद कर लिया है.इसके अलावा एक नाबालिक को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है. हटा टीआई सुधीर बेगी ने बताया कि फरियादी मोतीलाल साहू के द्वारा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी की 27 अप्रैल को उनकी भतीजी की शादी हटा में एक निजी मैरिज गार्डन में संपन्न हुई थी.वह शादी में शामिल होने आए थे और घर पर उनके साले, दामाद व कुछ अन्य रिश्तेदार रुके हुए थे.वह शादी से जब वापस लौटे और सुबह पत्नी ने अलमारी देखी तो उसमें रखे सोने, चांदी के जेवरात और नगदी गायब थी. इसके बाद जब रिश्तेदार घर से चले गए तब हटा थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई गई. पुलिस ने अज्ञात आरोपी पर बीएनएस की धारा के तहत मामला दर्ज किया. मामले की जानकारी एसपी को भी दी गई और उनके निर्देशन में एक टीम गठित की गई.
पुलिस ने मोती साहू के मामा ससुर के लड़के हिंडोरिया निवासी मनीष साहू को पूछताछ के लिए बुलाया और जब सख्ती से पूछताछ की गई तो आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. आरोपी ने एक नाबालिक के साथ इस घटना को अंजाम दिया था. आरोपी चोरी करने के बाद सोने, चांदी के जेवरात हटा के आगे रुसल्ली मार्ग पर एक पुलिया के नीचे जमीन में गाढ़कर चले गए थे.आरोपियों की निशान देही पर पुलिस ने चार लाख 71 हजार के सोने चांदी के जेवरात और नगदी को बरामद कर लिया है. साथ ही दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है.
