ओडिशा के बलांगिर से ऑस्ट्रिया निर्यात किया गया अंडे का पाउडर

नयी दिल्ली, 20 जून (वार्ता) कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) की मदद से पहली बार ओडिशा के बलांगिर से ऑस्ट्रिया को सूखे साबुत अंडे के पाउडर की पहली वाणिज्यिक खेप निर्यात की गयी है।

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि यह खेप बलांगिर स्थित ओवीओ फार्म प्राइवेट लिमिटेड की ओर से निर्यात की गयी थी, जो एपीडा में पंजीकृत निर्यातक है। यह देश के मूल्यवर्धित पोल्ट्री उत्पादों की बढ़ती वैश्विक स्वीकृति को दर्शाता है और प्रीमियम अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में प्रसंस्कृत अंडा उत्पादों के निर्यात के लिए नये मार्ग खोलता है।

सूखे अंडे का पाउडर लंबी शेल्फ लाइफ, आसान परिवहन और बहुमुखी इस्तेमाल के कारण खाद्य प्रसंस्करण उद्योग, बेकरी, मिठाई निर्माण और फार्मास्युटिकल में व्यापक तौर पर इस्तेमाल किया जाता है। तरल अंडों के स्प्रे-ड्राइंग से यह पाउडर तैयार किया जाता है।

सूखे अंडे के पाउडर की 22.6 टन की निर्यात खेप को एपीडा अध्यक्ष अभिषेक देव ने वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस कार्यक्रम में ओडिशा सरकार के मत्स्य एवं पशु संसाधन विकास (एफएंडएआरडी) विभाग के आयुक्त-सह-सचिव प्रेम चंद और बलांगिर के कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट गौरव शिवाजी इसलवार भी मौजूद रहे। निर्यात करने वाली कंपनी के प्रतिनिधि, एपीडा के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य हितधारक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

ओवीओ फार्म ने पिछले साल बलांगिर में एक अत्याधुनिक अंडा प्रसंस्करण सुविधा स्थापित की। यह सुविधा सूखे अंडे के उत्पादों का निर्माण करती है जो राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप हैं। इनमें ईआईसी मानक, यूरोपीय संघ की स्वच्छता आवश्यकताएं और अन्य वैश्विक स्तर पर मान्यता प्राप्त नियम शामिल हैं।

ऑस्ट्रिया और कई अन्य यूरोपीय देश विभिन्न खाद्य और औद्योगिक उपयोगों के लिए अंडे का पाउडर आयात करते हैं। इस खेप के सफल निर्यात से यूरोपीय संघ में भारतीय प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों की बढ़ती मांग उजागर होती है और उच्च गुणवत्ता वाले कृषि और खाद्य उत्पादों के विश्वसनीय आपूर्तिकर्ता के तौर पर भारत की स्थिति मजबूत होती है।

इस निर्यात से पोल्ट्री प्रसंस्करण में और अधिक निवेश को प्रोत्साहन मिलने, ओडिशा के कृषि-प्रसंस्करण इकोसिस्टम को मजबूत करने और राज्य से मूल्यवर्धित उत्पादों के निर्यात के विस्तार के लिए नये अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

 

Next Post

स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को आकर्षक एवं पर्यावरण अनुकूल बनाएं

Sat Jun 20 , 2026
सिंगरौली । जिले के शासकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा स्थानीय खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एनसीएल ग्राउंड में अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जा रहा है। एनसीएल के सीएसआर मद से लगभग 11 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से […]

You May Like