
सिंगरौली । जिले के शासकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा स्थानीय खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एनसीएल ग्राउंड में अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जा रहा है।
एनसीएल के सीएसआर मद से लगभग 11 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट का कलेक्टर गौरव बैनल ने स्थल का औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माण एजेंसी को निर्देशित किया कि वर्षा प्रारंभ होने से पूर्व एक्सवेशन का कार्य पूर्ण किया जाए। उन्होंने फाउंडेशन एवं बाउंड्री निर्माण का कार्य तत्काल प्रारंभ करने तथा निर्धारित समय सीमा तक संपूर्ण निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह परियोजना जिले के खिलाड़ि़यों के लिए भविष्य में एक महत्वपूर्ण खेल केंद्र के रूप में विकसित होगी। कलेक्टर ने स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स परिसर को आकर्षक एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए गार्डन विकसित करने तथा बड़े पैमाने पर पौधरोपण कराने के भी निर्देश दिए।
