
बनखेड़ी (नर्मदापुरम)। नयागांव ग्राम पंचायत में शासन की योजना से निर्मित श्री ठाकुर जी दर्शन गौशाला का उद्घाटन विधिविधान से किया गया। कार्यक्रम में सांसद दर्शन सिंह चौधरी, राज्यसभा सांसद माया नरोलिया, विधायक ठाकुरदास नागवंशी, नपा अध्यक्ष नीना नवनीत नागपाल, हरीश मालानी सहित कई जनप्रतिनिधियों ने पूजा-अर्चना कर गौशाला का शुभारंभ किया। अतिथियों ने गौपूजन कर गाय और बछिया को मिष्ठान भी खिलाया। इस अवसर पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। सांसद चौधरी ने कहा कि गौ संरक्षण सरकार की प्राथमिकता है और सभी को गौसेवा में सहभागी होना चाहिए। सांसद माया नरोलिया ने गौ पालन के धार्मिक और स्वास्थ्य लाभ गिनाते हुए इसे देव सेवा के समान बताया। विधायक नागवंशी ने घर-घर गौ पालन को प्रोत्साहित करने की बात कही। कार्यक्रम में कई सामाजिक व राजनीतिक प्रतिनिधि मौजूद रहे।
