फीफा वर्ल्ड कप से बाहर हुए जापान के कप्तान, ओपनिंग मुकाबले से पहले ही कर दिया संन्यास का ऐलान

फीफा वर्ल्ड कप में अपने पहले मुकाबले से पहले ही जापान की फुटबॉल टीम को बड़ा झटका लगा है। जापान की फुटबॉल टीम के कप्तान ने वर्ल्ड कप से बाहर होने का फैसला ले लिया है।

FIFA वर्ल्ड कप 2026 शुरू हो गया है और दुनिया भर के करोड़ों फुटबॉल फैंस का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। हालांकि, टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही जापानी टीम को एक बड़ा झटका लगा है। टीम के कप्तान ने अपने पहले मैच से ठीक पहले अपना नाम वापस ले लिया है। टीम के कप्तान वातारू एंडो ने पैर की चोट के कारण टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया है।

इसके साथ ही 33 वर्षीय मिडफील्डर ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास लेने की भी घोषणा कर दी है। जापान के नेशनल टीम डायरेक्टर मासाकुनी यामामोटो ने इस बात की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि एंडो अपनी चोट से पूरी तरह उबर नहीं सके हैं और इस कारण वर्ल्ड कप में टीम का हिस्सा नहीं होंगे। जापान को फीफा वर्ल्ड कप 2026 में 14 जून को नीदरलैंड्स के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करनी है।

सर्जरी के बाद की थी वापसी
जापान की टीम के लिए एंडो सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में से एक हैं। उन्होंने पूरे वर्ल्ड कप क्वालिफाइंग अभियान में टीम की कप्तानी की थी और मिडफील्ड में उनकी भूमिका बेहद अहम रही। फरवरी के आखिर में उनके पैर की सर्जरी हुई थी और तब से वह लगातार वापस अपनी फिटनेस हासिल करने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि, तमाम कोशिशों प्रयासों के बाद भी वह मैच खेलने के लिए फिट नहीं हो पाए।

एंडो ने 31 मई को आइसलैंड के खिलाफ खेले गए एक फ्रेंडली मैच में वापसी की थी। उस मुकाबले में उन्होंने पहले हाफ में हिस्सा लिया था, लेकिन इसके बाद भी उनकी फिटनेस को लेकर सवाल बने रहे। बता दें, कि वर्ल्ड कप कैंप के दौरान भी वह बाकी खिलाड़ियों से अलग ट्रेनिंग कर रहे थे।

इटाकुरा को मिली कप्तानी
टीम को उम्मीद थी कि वह समय पर फिट हो जाएंगे, लेकिन आखिरकार उन्हें टूर्नामेंट से बाहर होने का फैसला लेना पड़ा। जापान फुटबॉल संघ ने एंडो की जगह फॉरवर्ड शूटो माचिनो को टीम में शामिल किया है। वहीं, सेंटर-बैक को इटाकुरा को नया कप्तान बनाया गया है। इटाकुरा इससे पहले भी मार्च में कोलंबिया के खिलाफ एक मैच में कप्तानी कर चुके हैं।

फीफा वर्ल्ड कप से बाहर होने के बाद एंडो ने इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास लेने का भी ऐलान कर दिया। वातारू एंडो ने कहा कि चोट के बाद से उन्होंने वापसी के लिए हर संभव कोशिश की और उन्हें किसी बात का पछतावा नहीं है। उन्होंने कहा कि वर्ल्ड कप में नहीं खेल पाने का दुख जरूर है, लेकिन उन्हें इस बात पर गर्व है कि कतर वर्ल्ड कप के बाद टीम ने जिस तरह प्रगति की, उसमें वह कप्तान के रूप में योगदान दे सके।

क्या बोले जापान टीम के कप्तान?
वातारू एंडो ने टीम पर पूरा भरोसा जताते हुए कहा कि मौजूदा जापानी टीम बेहद मजबूत है। हमारी टीम किसी भी चुनौती का सामना कर सकती है। उन्होंने कहा कि अब वह एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि एक फैन के रूप में जापान की टीम को पूरा सपोर्ट करेंगे। वातारू एंडो ने जापान के लिए 73 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले और टीम को कई यादगार जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। ग्रुप एफ में मौजूद जापान की टीम अब नए कप्तान की अगुवाई में दमदार प्रदर्शन करने का प्रयास करेगी।

Next Post

तपती धूप और बढ़ते तापमान के बीच ग्वालियर में रात भर चली तेज आंधी, हुई बारिश

Fri Jun 12 , 2026
ग्वालियर: तपती धूप और बढ़ते तापमान के बीच ग्वालियर में रात भर चली तेज आंधी बारिश राहत बनकर तो आई लेकिन जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। तेज आंधी के चलते कई इलाकों में बिजली ठप हो गई है। सड़कों पर पेड़ टूटकर गिर पड़े जिससे यातायात प्रभावित हुआ है। […]

You May Like