टीबी मुक्त भारत’ जनभागीदारी का राष्ट्रीय अभियान बन चुका : रेखा गुप्ता

नयी दिल्ली, 04 अगस्त (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ‘टीबी मुक्त भारत’ केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी का राष्ट्रीय अभियान बन चुका है। श्रीमती गुप्ता ने आज यहां ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ के तहत आयोजित कार्यक्रम में कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व ने टीबी उन्मूलन को पूरे देश का जन-आंदोलन बना दिया है और अब प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से ही इस लक्ष्य को समयबद्ध रूप से प्राप्त किया जा सकेगा। दिल्ली सरकार टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। भारत सरकार द्वारा निर्धारित टीबी रोगियों की अधिसूचना (नोटिफिकेशन) के लक्ष्य के विरुद्ध दिल्ली प्रतिवर्ष 95 प्रतिशत से अधिक लक्ष्य प्राप्त करने में सफल रही है।

उन्होंने कहा कि आज टीबी का प्रभावी उपचार उपलब्ध है और समय पर जांच एवं पूरा इलाज कराने से यह बीमारी पूरी तरह ठीक हो सकती है। लेकिन इस लक्ष्य को केवल अस्पतालों और डॉक्टरों के भरोसे प्राप्त नहीं किया जा सकता, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आना होगा। सांसद, विधायक एवं पार्षद जनता के सबसे निकट होते हैं और उनकी बात पर लोगों का विश्वास होता है। यदि प्रत्येक जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र में टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाने, समय पर जांच कराने और मरीजों को पूरा उपचार लेने के लिए प्रेरित करेगा तो निश्चित रूप से इस अभियान को नयी गति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने सभी जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में ‘निक्षय मित्र अभियान’ को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में अब तक 3,300 से अधिक निक्षय मित्र टीबी मरीजों के सहयोग के लिए सक्रिय रूप से जुड़ चुके हैं।

उनके सहयोग से 1.2 लाख से अधिक पोषण आहार (फूड बास्केट) टीबी मरीजों को वितरित किये जा चुके हैं। उन्होंने उद्योगों, व्यापारिक संगठनों, कॉर्पोरेट संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, आरडब्ल्यूए, धार्मिक संस्थाओं एवं आम नागरिकों से भी इस अभियान से जुड़कर निक्षय मित्र बनने की अपील की।
उन्होंने कहा कि एक निक्षय मित्र केवल पोषण सहायता ही नहीं देता, बल्कि मरीज को सम्मान, आत्मविश्वास और यह भरोसा भी देता है कि पूरा समाज उसके साथ खड़ा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार, स्वास्थ्यकर्मियों, जनप्रतिनिधियों और समाज के सामूहिक प्रयासों से दिल्ली टीबी उन्मूलन के क्षेत्र में पूरे देश के लिए एक आदर्श मॉडल बनेगी।

इस अवसर पर दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में दिल्ली सरकार टीबी उन्मूलन सहित सभी जनस्वास्थ्य कार्यक्रमों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है ताकि दिल्ली एक स्वस्थ, जागरूक और रोग-मुक्त समाज का उदाहरण बन सके। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि टीबी का समय पर पता लगने और उपचार पूरा होने पर इसका पूर्ण इलाज संभव है, इसलिए यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि कोई भी व्यक्ति जांच, उपचार या परामर्श से वंचित न रहे। चिकित्सा सुविधाओं के साथ-साथ समाज में जागरूकता बढ़ाना, टीबी से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना और प्रत्येक मरीज को उपचार पूरा करने के लिए प्रेरित करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्यकर्मियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों से टीबी उन्मूलन अभियान एक व्यापक जनआंदोलन का रूप लेगा।

.....

Next Post

भारत-उज्बेकिस्तान के ऐतिहासिक रिश्ते और मजबूत होंगे: बिरला

Tue Aug 4 , 2026
नयी दिल्ली, 04 अगस्त (वार्ता) लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मंगलवार को कहा कि भारत और उज्बेकिस्तान सदियों पुराने ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत संबंधों से जुड़े हुए हैं और जो दोनों देशों की स्थायी मित्रता की मजबूत नींव हैं। श्री बिरला ने आज संसद भवन में उज्बेकिस्तान के विदेश मंत्री […]

You May Like