इंदौर: शहर में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए चोरों ने बीती रात तिलक नगर थाना क्षेत्र में स्थित सब्जी मंडी के पास की दुकानों को निशाना बनाया. हैरानी की बात यह रही कि यह वारदात पुलिस चौकी के बिल्कुल पास हुई, सुनसान पड़ी चौकी का फायदा उठाते हुए चोरों ने आसपास की दुकानों में आसानी से सेंधमारी कर दी.
घटना तिलक नगर थाना क्षेत्र की हैं, सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानों पर पहुंचे तो आधा दर्जन से अधिक दुकानों के ताले टूटे मिले.
चोरी की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच शुरू की. व्यापारी राजेश सोलंकी का कहना है कि अज्ञात चोरों ने रात में 8 से 10 दुकानों के ताले चटकाए गए और अंदर रखे सामान पर हाथ साफ दिया. कुछ दुकानों से नगदी और कीमती सामान भी चोरी हुआ है. अगर सभी दुकानों में हुई चोरी में गए माल का अंदाजा लगाया जाए तो यह लाखों में हो सकती है. यहां पर रहवासी क्षेत्र भी हैं, मगर चोरों ने वारदात को इतनी चतुराई से अंजाम दिया कि आसपास के किसी व्यक्ति को भनक तक नहीं लगी.
इतना ही नहीं जिस स्थान पर चोरी हुई, उससे कुछ ही दूरी पर पुलिस चौकी स्थित है, लेकिन वहां महीनों से कोई पुलिसकर्मी तैनात नहीं रहता. घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में रोष है. उनका कहना है कि यदि पुलिस की नियमित गश्त और चौकी में सक्रियता होती, तो चोरों के हौसले इतने बुलंद न होते. तिलक नगर थाना प्रभारी मनीष लोधा का कहना है कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है, वहीं मुखबिर तंत्र को भी मामले में सक्रिय किया गया है, जल्द ही वारदात का खुलासा करेंगे.
