राजा मर्डर: सबूतों की कड़ियां जोड़ रही एसआईटी, अब शिलोम के ससुर की तलाश

इंदौर:ट्रांसपोर्ट कारोबारी राज रघुवंशी हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में जुटी शिलांग पुलिस की एसआईटी एक बार फिर दो दिनों से इंदौर में सक्रिय है. इस बार टीम की निगाहें केस से जुड़े अहम किरदार शिलोम जेम्स के साथ ही उसके ससुर की तलाश पर भी टिकी हैं, जो फिलहाल फरार बताया जा रहा है.शिलोम जेम्स पर आरोप है कि उसने हत्या के आरोपी युवकों को किराए पर फ्लैट उपलब्ध करवाया था.

एसआईटी ने उसे अपनी गिरफ्त में लेकर इंदौर और रतलाम के उन सभी ठिकानों पर दबिश दी, जहां से मामले से जुड़े सबूत मिलने की उम्मीद थी. एसआईटी टीम की उम्मीद को ओर बल जब मिला जब जांच के दौरान शिलोम कि निशानदेही पर सोनम का लैपटॉप, पेन ड्राइव और कुछ गहने मिल गए. शिलोम की निशानदेही पर ही पुलिस ने रतलाम से एक बैग बरामद किया है, जिसमें कुछ दस्तावेज होने की बात सामने आई है.

क्राईम ब्रांच सूत्रों के अनुसार, एसआईटी को संदेह है कि शिलोम ने पूरे मामले की जानकारी अपने ससुर मनोज गुप्ता से साझा की थी. इसी कड़ी में टीम जब रतलाम में उसके ससुराल पहुंची, तो वहां पिछले 15 दिनों से ताला लगा मिला. पूछताछ में आसपास के लोगों ने भी मनोज गुप्ता के बारे में अनभिज्ञता जताई. टीम को आशंका है कि शिलोम की गिरफ्तारी के बाद मनोज को इस केस में अपना नाम आने का डर था, और इसी कारण वह फरार हो गया.

आसपास के लोगों ने पुलिस को यह भी बताया कि शिलोम का ससुर मनोज गुप्ता म्युचुअल फंड से जुड़ा व्यवसाय करता है. शिलोम मूल रूप से रतलाम का रहने वाला है और उसने प्रेम विवाह कर इंदौर में किराए से रहना शुरू किया था. यहां उसने हॉस्टल और फ्लैट्स किराए पर लेकर ठेकेदारी का काम शुरू किया. यही सिलसिला आगे चलकर हत्याकांड से जुड़ गया, जब आरोपियों को उसने ठिकाना दिलवाया. इधर, शिलोम से क्राइम ब्रांच दफ्तर में पूछताछ की जा रही है. राजा की हत्या के बाद वह लगातार कुछ संदिग्ध लोगों से मोबाइल पर संपर्क में था. एसआईटी इन कॉल्स का विवरण जुटाकर उनसे भी पूछताछ की तैयारी में है. अब मामला सिर्फ किराए पर मकान दिलाने का नहीं, बल्कि सबूतों के जाल और संभावित मिलीभगत की परतें खोलने की ओर बढ़ रहा है.

Next Post

कलेक्टर संदीप जी आर के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनी

Mon Jun 30 , 2025
सागर :जिले के कलेक्टर संदीप जी आर के नाम से किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा फर्जी फेसबुक आईडी बनाई गई है। प्रशासन ने आमजन को सतर्क करते हुए कहा है कि इस फर्जी आईडी से की गई किसी भी पोस्ट, फोटो या वीडियो को सत्य न मानें। साथ ही किसी भी […]

You May Like