सिंगरौली:मोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत एनसीएल की शिवकुंज कॉलोनी के नीचे सड़क किनारे लगे मोबाइल टावर पर मंगलवार शाम करीब 5 बजे एक 19 वर्षीय युवती चढ़ गई। युवती को टावर पर चढ़ते देख स्थानीय लोगों ने मोरवा पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए पुलिस और नगर निगम प्रशासन को करीब डेढ़ घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी।
जानकारी अनुसार युवती के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही मोरवा पुलिस मौके पर पहुंची और उसे नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास किया। हालांकि, जब भी कोई उसके करीब पहुंचने की कोशिश करता, वह और ऊपर चढ़ जाती थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम प्रशासन को भी मौके पर बुलाया गया।
टावर के चारों ओर नुकीली जाली लगी थी, जबकि नीचे कांटेदार झाड़ियां और कीचड़ होने के कारण युवती के गिरने पर गंभीर हादसा होने की आशंका थी। इसे देखते हुए पुलिस ने सावधानी बरतते हुए उसे सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश जारी रखी। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद तीन अन्य लोगों के साथ मोरवा थाने के प्रधान आरक्षक श्याम सुंदर वैश्य टावर पर चढ़े और युवती को समझाया। काफी प्रयास के बाद वह नीचे उतरने के लिए तैयार हुई।
पुलिस के अनुसार, युवती की पहचान रीतू बैगा पिता शिवप्रसाद बैगा उम्र 19 वर्ष निवासी पिपरखड़ के रूप में हुई है। वह बैढ़न क्षेत्र के एक ईंट-भट्ठे में काम करती है। युवती ने पुलिस को बताया कि वह मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे बस से मोरवा पहुंची थी। उसका मोरवा के पिडताली निवासी संतराम विश्वकर्मा नामक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती के मुताबिक पिछले दो दिनों से संतराम उससे बातचीत नहीं कर रहा था, जिससे वह नाराज थी।घटना के बाद मोरवा पुलिस युवती की काउंसलिंग करने और उसके परिजनों को सूचना देकर मौके पर बुलाने की कार्रवाई में जुटी रही।
