पांढुरना:अल्प वर्षा के चलते नगर में भी बड़े ही तेजी से गिरते जा रहे भू-जल स्तर को देखते हुए नगर के निजी एवं शासकीय कुओं तथा ट्यूबवेल में पानी जमा रह सकें इसी मुख्य उद्देश्य से मुख्य नगरपालिका अधिकारी के निर्देश पर नगर पालिका के जल प्रदाय विभाग द्वारा पुराने कुओं की साफ-सफाई के साथ ही नगर के मध्य प्रवाहित होने वाली नदियों के बांध को लोहे के गेट तथा बोरी बंधान से बंद कर पानी रोका जा रहा है।
गौरतलब हो कि प्रदेश तथा संभाग के अंतिम सीमा पर स्थित इस कृषक बाहुल्य पांढुरना जिले में इस वर्ष हुई अल्प वर्षा के चलते क्षेत्र के किसानों के खेतों की फसलें लगभग पूरी तरह खराब हो चुकी है,जिससे किसानों द्वारा खेतों में लगाई गई खरीफ फसलों की लागत तक नहीं निकल पाएंगी,वहीं इन दिनों सूर्य की तेज तपन के चलते अब दिनों दिन गिरते जा रहे भू-जल स्तर के चलते पेयजल संकट भी गहराने लगा है।
इसे देखते हुए नगर पालिका द्वारा नगर के निजी तथा शासकीय जल स्त्रोत को सुरक्षित रखने जद्दोजहद की जा रहीं है,मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती हेमेश्वरी पटले के निर्देश पर नपा के जल प्रदाय विभाग द्वारा नगर के शासकीय पुराने कुओं की साफ-सफाई के साथ ही नगर के मध्य से होकर गुजरने वाली प्रमुख चंद्रभागा तथा जाम नदि के बहते पानी को सुरक्षित रखने हेतू महावीर वार्ड के पास स्थित संगम के बांध को लोहे के गेट लगाकर बंद करने तथा अन्य जगहों पर बोरी बंधान इस पानी को रोका जा रहा है,जिससे नदि किनारे कुओं तथा ट्युबवेल रिचार्ज होकर पानी से लबालभ भरे रहें।
