
एसेक्स (इंग्लैंड) 28 जुलाई (वार्ता) काउंटी चैंपियनशिप में एसेक्स के लिए दो प्रथम श्रेणी मैच खेलने के बाद भारतीय गेंदबाज खलील अहमद ने निजी कारणों से क्लब के साथ अपना अनुबंध समाप्त कर दिया है।
खलील ने शुरुआत में एसेक्स क्लब के साथ दो महीने के लिए अनुबंध किया था, जिसके तहत उन्हें छह प्रथम श्रेणी और वनडे कप में अधिकतम दस संभावित लिस्ट ए मैच भी खेलने थे। क्लब ने जून में उनके अनुबंध की घोषणा की थी।
एसेक्स की ओर से जारी विज्ञप्ति के एक बयान में कहा गया है कि खलील क्लब के साथ अपने शेष बचे मैचों से पहले स्वदेश लौट गए हैं। हमें उनके जाने का दुख है, लेकिन हम खलील के फैसले का पूरा समर्थन करते हैं और हमारे साथ बिताए समय में उनके योगदान के लिए आभारी हैं।
खलील ने आखिरी बार 2019 में भारत के लिए खेला था। उन्होंने भारत के लिए 11 एकदिवसीय मैचों में 31.00 की औसत से 15 विकेट लिए हैं। दूसरी ओर, वह अपनी घरेलू टीम राजस्थान के लिए भी खेल चुके हैं और पिछले साल दलीप ट्रॉफी के लिए भी चुने गए थे। 22 प्रथम श्रेणी मैचों में, उन्होंने 30.13 की औसत से 60 विकेट लिए हैं।
