एफआईएसयू विश्व विश्वविद्यालय खेलों में 12 पदकों के साथ भारत का अभियान समाप्त

जर्मनी 28 जुलाई (वार्ता) महिलाओं की रेस वॉक टीम ने कांस्य पदक और ओलंपियन अंकिता ध्यानी ने महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज में रजत पदक अपने नाम किया। इसके साथ भारत ने 12 पदकों के साथ एफआईएसयू विश्व विश्वविद्यालय खेल 2025 में अपना अभियान का समापन किया।

जर्मनी में रविवार को समाप्त हुये टूर्नामेंट के आखिरी दिन का पहला पदक महिलाओं की 20 किमी रेस वॉक स्पर्धा में मिला। इस स्पर्धा में भारतीय टीम सेजल अनिल सिंह, मुनिता प्रजापति और मानसी नेगी ने कुल समय 4:56:06 के साथ कांस्य पदक जीता। सेजल अनिल सिंह सबसे तेज भारतीय रेस वॉकर रहीं, जिन्होंने 1:35:21 समय के साथ 15वां स्थान हासिल किया। मुनिता प्रजापति 1:39:33 समय के साथ 18वें और मानसी नेगी 1:41:12 समय के साथ 20वें स्थान पर रहीं। महिलाओं की इस 20 किमी रेस वॉक स्पर्धा में चीन ने 4:28:51 के समय के साथ स्वर्ण पदक, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने 4:31:20 समय में दौड़ पूरी कर रजत पदक हासिल किया।

वहीं अंकिता ध्यानी ने महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज में रजत पदक जीता। उन्होंने ज्यादातर रेस में ग्रुप के साथ आगे ही रहीं और आखिरी राउंड में जोरदार तेजी के साथ व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय 9:31.99 में दौड़ पूरी की। फिनलैंड की यूरोपीय अंडर 23 चैंपियन इलोना मोनोनेन ने 9:31.86 समय के साथ स्वर्ण पदक, जबकि जर्मनी की एडिया बुड्डे ने 9:33.34 समय के साथ दौड़ पूरी कर कांस्य पदक जीता।

पुरुषों की 100 मीटर रिले में भारतीय टीम लालू प्रसाद भोई, अनिमेष कुजूर, मणिकंटा होबलीधर और डोंडापति मृत्युंजयाराम ने 38.89 सेकेंड का समय लेकर कांस्य पदक जीता। स्वर्ण पदक दक्षिण कोरिया ने 38.50 सेकेंड में रेस पूरी करके जीता, जबकि दक्षिण अफ्रीका ने 38.80 सेकंड के साथ रजत पदक हासिल किया।

भारत ने इस टूर्नामेंट में दो स्वर्ण, पांच रजत और पांच कांस्य सहित कुल 12 पदकों के साथ अपना अभियान समाप्त किया।

Next Post

थाईलैंड के कार्यवाहक प्रधानमंत्री संघर्षविराम के लिये मलेशिया रवाना

Mon Jul 28 , 2025
बैंकॉक, 28 जुलाई (वार्ता) थाईलैंड के कार्यवाहक प्रधानमंत्री फुमथाम वेचायाचाई ने आज कहा कि वह कंबोडियाई पक्ष के साथ अपनी बातचीत में युद्धविराम को लागू करने के ठोस उपायों पर चर्चा करेंगे। श्री वेचायाचाई ने थाईलैंड-कंबोडिया सीमा मुद्दे पर चर्चा के लिए मलेशिया रवाना होने से पहले यहां मीडिया को […]

You May Like