सीधी : कलेक्ट्रेट में संचालित गोपद बनास तहसील कार्यालय में आज सुबह लोकायुक्त रीवा की टीम ने छापामार कार्रवाई करते हुए चपरासी दामोदर प्रसाद साकेत को 3 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई सुबह करीब 10:30 बजे तहसील कार्यालय में की गई। बताया जा रहा है कि खजुरी निवासी नागेंद्र तिवारी ने वारिसाना संबंधी कार्य के लिए तहसील कार्यालय में आवेदन दिया था।
आरोप है कि काम कराने के एवज में चपरासी द्वारा रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायत मिलने पर लोकायुक्त रीवा ने योजना बनाकर कार्रवाई की और आरोपी को कथित रूप से रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। घटना के बाद तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया। मामले को लेकर स्थानीय लोगों में चर्चा है कि इस तरह के मामलों में अन्य कर्मचारियों या अधिकारियों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। हालांकि, फिलहाल किसी अन्य अधिकारी की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। लोकायुक्त टीम आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
