नयी दिल्ली, 19 नवंबर (वार्ता) होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया (एचएमएसआई) ने गुरुवार को रिबेल 500 के लिए बुकिंग खोलने और इसकी कीमतों की घोषणा की। कंपनी ने बताया कि होंडा रिबेल 500 के स्टैंडर्ड वेरिएंट की बेंगलुरु में एक्स-शोरूम कीमत 4,49,900 रुपये रखी गई है। ई-क्लच वाले वेरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत 4,89,900 रुपये होगी। भारतीय बाजार के लिए रिबेल 500 का विनिर्माण देश में ही किया जा रहा है। दोनों वेरिएंट दो रंगों – मैट एक्सिस ग्रे मेटैलिक और मैट डून ब्राउन – में उपलब्ध हैं।
होंडा रिबेल 500 कंपनी के बिगविंग शोरूम पर ही उपलब्ध होगा। ग्राहक एचएमएसआई की वेबसाइट से या होंडा बिगविंग डीलर के पास पांच हजार रुपये की राशि का भुगतान कर बुकिंग करा सकेंगे।
कंपनी ने इस साल जुलाई में रिबेल 500 समेत भारतीय बाजार में 10 उत्पाद पेश करने की घोषणा की थी। इसमें 471 सीसी का लिक्विड-कूल्ड पैरेलल ट्वीन इंजन दिया गया है। इसमें एलईडी प्रोजेक्टर हैडलैंप, होंडा रोड सिंक के साथ टीएफटी डिस्प्ले, डुएल-चैनल एबीएस के साथ फ्रेंट और रियर डिस्क ब्रेक जैसे फीचर दिए गए हैं।

