नयी दिल्ली, 19 नवंबर (वार्ता) दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर ने गुरुवार को इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में स्कूलों और उच्च शिक्षण संस्थानों के लिए ‘एहसास 2026’ मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण नीति का शुभारंभ किया।
इस नीति के तहत दिल्ली के शिक्षण संस्थानों में प्रत्येक 500 विद्यार्थियों पर एक काउंसलर नियुक्त करने, जिला स्तर पर डिस्ट्रिक्ट वेल-बीइंग सेंटर स्थापित करने और शिक्षकों, अभिभावकों तथा स्कूल कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण देने का प्रावधान किया गया है।
श्री संधू ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य और भावनात्मक खुशहाली को शिक्षा का अभिन्न हिस्सा बनाना समय की जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे की भावनाएं, आकांक्षाएं और जरूरतें महत्वपूर्ण हैं। दिव्यांग और वंचित समुदायों के बच्चों को भी समान अवसर और सहयोग मिलना चाहिए। बच्चों की भावनाओं को समझना और उन्हें अपनी समस्याएं खुलकर बताने के लिए प्रोत्साहित करना शिक्षकों, अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इस पहल से बच्चों को यह विश्वास मिलेगा कि वे मूल्यवान हैं और जरूरत पड़ने पर मदद मांगना कमजोरी नहीं, बल्कि ताकत की निशानी है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इस नीति से दिल्ली के लाखों विद्यार्थियों को मानसिक और भावनात्मक मजबूती के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। सरकार चाहती है कि प्रत्येक बच्चा खुशी, सकारात्मकता और आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़े। दिल्ली सरकार अपने विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य और समग्र कल्याण को ध्यान में रखते हुए ‘एहसास’ नाम से मेंटल हेल्थ एंड वेल-बीइंग पॉलिसी लेकर आयी। यह नीति दिल्ली के स्कूलों और उच्च शिक्षण संस्थानों में लागू होगी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों के जीवन के विभिन्न पड़ावों और मानसिक अवस्थाओं में उन्हें निरंतर सहयोग एवं संबल प्रदान करना है।
उन्होंने कहा कि ‘एहसास’ के माध्यम से दिल्ली के स्कूलों और कॉलेजों में पढ़ने वाले लाखों विद्यार्थियों को मानसिक और भावनात्मक मजबूती के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। दिल्ली सरकार का प्रयास है कि राज्य का प्रत्येक बच्चा खुशी, सकारात्मकता और आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़े तथा उसकी हर चुनौती में सरकार, शिक्षक और अभिभावक उसके साथ खड़े रहें। शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने बताया कि नीति के तहत प्रत्येक 500 विद्यार्थियों पर एक काउंसलर की व्यवस्था होगी। वर्तमान में दिल्ली सरकार के स्कूलों में 540 एजुकेशनल एंड वोकेशनल गाइडेंस काउंसलर और 500 से अधिक टीचर-काउंसलर विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दे रहे हैं।
इसके अलावा स्कूलों में वेल-बीइंग कमेटियां गठित की जायेंगी और जिला स्तर पर स्थापित केंद्रों में मनोवैज्ञानिक मूल्यांकन, काउंसलिंग तथा विशेषज्ञ मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। शिक्षकों, प्रिंसिपल, अभिभावकों, ड्राइवरों, आया और अन्य सहयोगी कर्मचारियों को भी बच्चों के व्यवहार में होने वाले बदलावों की पहचान और संवेदनशील परिस्थितियों से निपटने का प्रशिक्षण दिया जायेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से असफलताओं से सीखने, अपनी बात खुलकर कहने और जरूरत पड़ने पर सहायता लेने की अपील की।
आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर ने कहा कि भारत की आध्यात्मिक परंपरा मानसिक स्वास्थ्य और भावनात्मक मजबूती की आधार रही है। उन्होंने ‘एहसास’ नीति के लिए दिल्ली सरकार को बधाई देते हुए कहा कि यह विद्यार्थियों और समाज के बीच मानसिक स्वास्थ्य पर महत्वपूर्ण संवाद स्थापित करेगी। उन्होंने आपसी जुड़ाव, अपनेपन और संवेदनशीलता पर बल देते हुए आह्वान किया कि किसी विद्यार्थी या साथी को उदास अथवा परेशान देखकर अनदेखा न करें, बल्कि ‘व्हाट कैन आई डू फॉर यू?’ की भावना से सहयोग और मानवीय जुड़ाव बढ़ायें।
नीति में परीक्षा के तनाव, एंग्जायटी, अवसाद, बुलिंग और साइबर बुलिंग जैसी समस्याओं से निपटने के लिए विशेष प्रावधान किये गये हैं। गंभीर परिस्थितियों में तत्काल सहायता के लिए छह स्तरीय एस्केलेशन सिस्टम बनाया गया है, जिसमें कक्षा शिक्षक, स्कूल काउंसलर, स्कूल प्रमुख, जिला वेल-बीइंग सेंटर, अस्पताल और संबंधित वैधानिक एजेंसियां शामिल होंगी। स्कूलों को प्रत्येक तिमाही अपनी मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं का मूल्यांकन करना होगा और डिजिटल पोर्टल के माध्यम से इनकी निगरानी की जायेगी।

