नई दिल्ली। देश में जनगणना 2027 की तैयारियों के तहत जारी कार्यक्रम के अनुसार, 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक जनगणना का पहला चरण चलाया जाएगा। नागरिकों को 10 से 24 जनवरी तक खुद भी अपनी जानकारी भरने की सुविधा मिलेगी। जनगणना के लिए संदर्भ तिथि (रेफरेंस डेट) 1 मार्च 2027 की रात 12 बजे निर्धारित की गई है। इसके बाद 1 से 5 मार्च तक रिविजनल राउंड आयोजित होगा।
जनगणना कार्यक्रम से उत्तर प्रदेश, पंजाब, गोवा, उत्तराखंड और मणिपुर को अलग रखा गया है। इन राज्यों में चुनाव और अन्य परिस्थितियों को देखते हुए अलग कार्यक्रम तय किया गया है। वहीं, लद्दाख तथा हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के बर्फीले क्षेत्रों के लिए भी अलग व्यवस्था है।
मुख्य तारीखें
10–24 जनवरी 2027: खुद जानकारी भरने की सुविधा।
25 जनवरी–28 फरवरी 2027: घर-घर जाकर जनसंख्या गणना।
1 मार्च 2027 की रात 12 बजे: जनगणना की संदर्भ तिथि।
1–5 मार्च 2027: संशोधन का दौर (रिविजनल राउंड)।
