जीरापुर/पचोर।जिले भर में बारिश हो रही है. नदी, नाले उफान पर है. इसी बीच जीरापुर क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मणपुरा में नाले के तेज बहाव में मछली पकडऩे गया एक युवक तेज बहाव में बह गया. जबकि पचोर क्षेत्र के मोहनपुरा गांव में रविवार को मवेशी चराने गये ग्रामीण लापता है, जिनकी तलाश की जा रही है.
जानकारी के अनुसार जीरापुर क्षेत्र में भण्डावत नाले में मछली पकडऩे गया एक युवक पानी के तेज बहाव में बह गया जिसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है. ग्राम लक्ष्मणपुरा निवासी सिद्धुलाल पिता मांगीलाल गवारिया (बंजारा) उम्र 45 वर्ष भण्डावत की और से आने वाले नाले में स्टॉप डेम के नीचे मछली पकड़ रहा था तभी पानी के तेज बहाव में वह बह गया. यह घटना दोपहर लगभग 12 बजे की बताई जाती है. जानकारी लगते ही जीरापुर थाना प्रभारी रवि ठाकुर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. जानकारी लगने पर राजगढ़ से एनडीआरएफ की टीम पहुंची जिनके द्वारा युवक की तलाश की जा रही है. शाम तक युवक की तलाश की जा रही थी.
लापता ग्रामीण की तलाश जारी
पचोर संवाददाता के अनुसार पचोर क्षेत्र के ग्राम मोहनपुरा निवासी एक ग्रामीण रविवार को मवेशी चराने गये हुए थे तभी से वह लापता है. परिजन, पुलिस प्रशासन एवं एनडीआरएफ की टीम द्वारा उनकी तलाश की जा रही है.
ग्राम मोहनपुरा निवासी ग्रामीण कांशीराम उम्र लगभग 70 वर्ष रविवार को भैंस चराने गये हुए थे. काफी देर बाद भी जब वह वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरु की तथा पुलिस को इसकी सूचना दी. उनके नदी के तेज बहाव में बहने की आशंका जताई जा रही है. यहां से उतावली नदी निकली है जो बारिश के चलते उफान पर है. परिजन, पुलिस प्रशासन एवं एनडीआरएफ की टीम द्वारा लापता ग्रामीण की तलाश की जा रही है.
