कांकेर, (वार्ता) छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में गुरुवार को दो कारों की आमने सामने की टक्कर में छह लोगों की मौत हो गयी जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हुए है।
जिले के पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा ने बताया कि आज देर रात 11 बजे दो कारों के बीच आमने- सामने की टक्कर में छह लोगों की मौके पर ही मौत हुई है तथा तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा नाथिया नवागांव के पास हुआ, जहां दो तेज रफ्तार कारें आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। मृतकों में एक मासूम बच्चा भी शामिल है।
हादसे में घायल हुए तीन लोगों को तत्काल एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल कांकेर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें लगातार निगरानी में रखा गया है।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घायलों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
