
इंदौर. राऊ पुलिस द्वारा पांच देसी पिस्टल के साथ गिरफ्तार किए चार युवकों से पूछताछ में मंदसौर में लूट का मामला सामने आया है. आरोपियों में शामिल रितेश और प्रेम के खिलाफ मंदसौर में कुछ माह पहले लूट का केस दर्ज होने की जानकारी मिली है.
राऊ पुलिस ने दो दिन पहले चेकिंग के दौरान सुमित, ऋषभ, रितेश और प्रेम को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पांच देसी पिस्टल और कारतूस जब्त किए थे. चारों पुलिस रिमांड पर हैं. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने महू के एक व्यक्ति से 15-15 हजार रुपए में पिस्टल खरीदी थीं. जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने महू में हथियार बेचने वाले व्यक्ति की तलाश में छापे मारे, लेकिन वह घर से फरार मिला, पुलिस उसकी तलाश कर रही है. वहीं आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच में रितेश और प्रेम के मंदसौर में लूट के मामले में शामिल होने की जानकारी सामने आई है. राऊ पुलिस ने मंदसौर पुलिस को भी आरोपियों की गिरफ्तारी की सूचना दी है. पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे रौब झाड़ने और रील बनाने के लिए पिस्टल लेकर आए थे. इसके बाद पुलिस चारों के फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट की जांच कर रही है. सोशल मीडिया पर हथियारों से संबंधित रील या अन्य आपत्तिजनक सामग्री मिलने पर पुलिस अलग से कार्रवाई कर सकती है.
मामले में जांच की जा रही है…
आरोपियों से पूछताछ में मंदसौर की लूट में शामिल होने की जानकारी मिली है. हथियार सप्लायर की तलाश की जा रही है. आरोपियों के सोशल मीडिया अकाउंट भी खंगाले जा रहे हैं.
डीसीपी क्राइम, राजेश त्रिपाठी
