
इंदौर. पलासिया क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी की वरिष्ठ इंजीनियर आरती यादव की मौत के मामले में पुलिस ने उनके पति निलेश यादव को आरोपी बनाया है. करीब 20 दिन पहले सरकारी आवास में आत्महत्या की कोशिश करने वाली आरती ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था. इसके बाद मायके पक्ष ने पति पर प्रताड़ना के आरोप लगाए थे.
मायके की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच के लिए एसआईटी बनाई थी. टीम ने परिजनों के साथ मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ की. जांच के दौरान आरती और निलेश की दोनों बेटियों के बयान भी दर्ज किए. जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पलासिया पुलिस ने गुरुवार रात निलेश के खिलाफ प्रताड़ना की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है. पुलिस अब दर्ज प्रकरण के आधार पर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं और आरोपों की जांच कर रही है. पलासिया थाना प्रभारी सुरेन्द्र सिंह रघुवंशी का कहा है कि मायके पक्ष की शिकायत पर एसआईटी ने जांच की थी. जांच के बाद पति के खिलाफ प्रताड़ना का प्रकरण दर्ज किया है. आगे की कार्रवाई जारी है.
