भोपाल। महावीर जयंती के अवसर पर अशोका गार्डन स्थित श्री 1008 पारसनाथ दिगंबर जैन मंदिर में 12 से 30 मार्च तक धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला चल रही है। इस दौरान प्रतिदिन भजन-कीर्तन से मंदिर परिसर भक्तिमय बना हुआ है। 29 मार्च को भगवान महावीर की माता त्रिशला की गोद भराई का आयोजन किया जाएगा। वहीं 30 मार्च को महावीर जन्म कल्याणक पर सुबह 8 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो पारंपरिक मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर पहुंचेगी। शोभायात्रा में घोड़े, डीजे, नरसिंहपुर के ढोल दल, बुंदेलखंड की राम तुला पार्टी और पारंपरिक वेशभूषा में महिलाएं-पुरुष शामिल होंगे। समाज के मीडिया प्रभारी अशोक जैन सारणी के अनुसार, रात 8 बजे अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें देशभर के प्रसिद्ध कवि काव्य पाठ करेंगे।
