
इंदौर. शहर के बाहरी इलाकों में तेज रफ्तार भारी वाहनों का कहर थम नहीं रहा है. सिमरोल में टैंकर की चपेट में आने से राहगीर की मौत हो गई, जबकि बेटमा में पीछे से आए ट्रक ने बाइक सवार को कुचल दिया. दोनों हादसों में सड़क पर गिरे लोगों के ऊपर भारी वाहन के पहिए चढ़ गए और मौके पर ही उनकी जान चली गई.
सिमरोल में हादसा अंजलि मेडिकल के सामने हुआ. पुलिस के मुताबिक ग्राम सिमरोल निवासी अजब सिंह चौहान सड़क से गुजर रहे थे. इसी दौरान राजस्थान पासिंग टैंकर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वे सड़क पर जा गिरे. इससे पहले कि वे संभल पाते, टैंकर का पहिया उनके सिर के ऊपर से निकल गया. गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने टैंकर जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है. इसी तरह बेटमा क्षेत्र में सागौर कुटी रोड पर रणमल बिल्लौद पुलिया के पास हादसा हुआ. कुम्हार मोहल्ला निवासी लालू पिता गेलसिंह बाइक से जा रहे थे. पीछे से तेज रफ्तार में आए ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. लालू सड़क पर गिर पड़े और ट्रक का पहिया उनके ऊपर से निकल गया. हादसे में उनकी भी मौके पर मौत हो गई. घटना के बाद सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और वाहन चालक के प्रति आक्रोश जताया. मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लेकर शव को पोस्टमार्ट के लिए भेज जांच शुरु की.
