बीना: जयपुर में आयोजित अखिल भारतीय कराटे प्रतियोगिता में अमेचर कराटे डेवलपमेंट एसोसिएशन (AKDA) के युवा खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 68 पदक जीतकर इतिहास रच दिया। इन पदकों में 23 स्वर्ण, 28 रजत और 17 कांस्य शामिल हैं। इस प्रतियोगिता में देशभर से आए प्रतिभागियों ने भाग लिया, जहाँ बीना विकासखंड के खिलाड़ियों ने अनुशासन, मेहनत और टीम भावना से सबका ध्यान आकर्षित किया।बीना की अन्नपूर्णा झा ने 2 स्वर्ण और 1 कांस्य पदक जीता। खिलाड़ियों ने काता, कुमिते और टीम काता में अपना दमखम दिखाया। प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश राज्य को ओवरऑल चैंपियन का खिताब मिला।
इस उपलब्धि पर कोच शिहांन जयदेव शर्मा, टेक्निकल डायरेक्टर पारितोष शर्मा और प्रशिक्षक संदीप अग्रवाल सहित कई गणमान्य नागरिकों ने खिलाड़ियों को बधाई दी। प्रशिक्षक संदीप ने इसे मेहनत, आत्मविश्वास और निरंतर अभ्यास का परिणाम बताया। यह उपलब्धि खेल संस्कृति को नई दिशा देगी और युवा पीढ़ी को प्रेरित करेगी।
