
बैतूल। शहर के गंज थाना क्षेत्र में स्थित पंजाब नेशनल बैंक में चोरी की एक घटना सामने आई। जानकारी के अनुसार, बैंक के अंदर से दो लाख रुपये से भरा बैग चोरी हो गया। यह पूरी घटना बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है।
बताया गया है कि एक कियोस्क संचालक रोज की तरह अपनी जमा राशि लेकर बैंक पहुंचा था। उसने पैसों से भरा बैग टेबल के नीचे रखा और किसी कार्य में व्यस्त हो गया। इसी दौरान एक अज्ञात युवक बैंक में दाखिल हुआ और मौका देखकर बैग लेकर वहां से निकल गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में एक नीली टी-शर्ट पहने युवक को बैग उठाते हुए देखा गया है। पुलिस ने युवक की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
