सारनी: विद्युत नगरी सारनी के हाई स्कूल ग्राउंड में आयोजित तीन दिवसीय हाई स्कूल प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता का रविवार को रोमांचक अंदाज़ में समापन हुआ। पूरे टूर्नामेंट के दौरान क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह चरम पर रहा, लेकिन फाइनल मुकाबले के दिन तो मानो पूरा शहर मैदान में उमड़ पड़ा। खचाखच भरे स्टेडियम, तालियों की गूंज और खिलाड़ियों का जोश—सबने मिलकर इसे यादगार बना दिया।यह प्रतियोगिता न केवल स्थानीय प्रतिभाओं के लिए सुनहरा मंच साबित हुई, बल्कि नगर की खेल संस्कृति को भी नई ऊर्जा दे गई। समापन अवसर पर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने एक स्वर में हाई स्कूल मैदान के विकास की मांग उठाई और इसे स्थायी खेल केंद्र के रूप में विकसित करने हेतु नगर पालिका, विधायक और सांसद से सहयोग की अपील की।
फाइनल में रेड डायमंड का जलवा
फाइनल मुकाबले में द लाइंस किंग और रेड डायमंड के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। पहले बल्लेबाजी करते हुए द लाइंस किंग ने निर्धारित 10 ओवर में 114 रन बनाकर चुनौतीपूर्ण लक्ष्य खड़ा किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी रेड डायमंड टीम ने आक्रामक तेवर दिखाते हुए मात्र 7वें ओवर में ही मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम के धाकड़ बल्लेबाज बालाजी ने शानदार अर्धशतक जड़कर मैच को एकतरफा बना दिया और अपनी टीम को शानदार जीत दिलाई। उनकी तूफानी पारी ने दर्शकों को रोमांच से भर दिया.समापन समारोह में तिरुपति एरोलू, सन्नी एरोलू, भूषण कांति, मुकेश धोटे, संदीप यादव, हेमंत डोंगरे, विक्की सिंह, यमल एवं विजू सिंह सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना की सराहना की।तीन दिवसीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन में आयोजन समिति के सदस्यों—लखबीर डोंगरे, महेश डोंगरे, हेमंत धोटे, रवि कौशिक, राजेश मालवीय, साजिद खान, हितेन रवि सिंदूर, गुलशन डोंगरे, अरुण बंछोर, गगन, राधे चौकीकर, सावन सिंदूर, अजय नागले, हर्ष, बंटी, संतु, गगन भौरपी, शफात खान, शक्ति सिंदूर, विक्की मालवीय, मनीष चंद्रवंशी, हितेश सिंदूर, शैलेश भूमरकर, साहिल, संदीप ध्रुवे सहित अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा।
