दमिश्क 24 अगस्त (वार्ता) सीरिया ने सुरक्षा कारणों से स्वीदा, हसाका और रक्का प्रांतों में सितंबर में होने वाले संसदीय चुनाव स्थगित कर दिए है। सीरिया की संसदीय चुनावों की सर्वोच्च समिति ने शनिवार को यह घोषणा की।
समिति ने कहा कि इन प्रांतों में चुनाव “उपयुक्त परिस्थितियाें और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध होने तक” स्थगित रहेंगे। साथ ही, समिति ने ज़ोर देकर कहा कि इन प्रांतों को आवंटित संसदीय सीटें मतदान होने तक आरक्षित रहेंगी।
उल्लेखनीय है कि स्वीदा में हाल के हफ़्तों में हिंसक सांप्रदायिक झड़पें हुई हैं, जबकि हसाका और रक्का प्रतिद्वंद्वी सशस्त्र समूहों की मौजूदगी और सुरक्षा संबंधी खतरों के कारण अस्थिर बने हुए हैं।
समिति ने आगामी चुनावों की निगरानी के लिए प्रांतीय निगरानी समितियों के गठन की भी घोषणा की। यह 2024 के अंत में बशर अल-असद की सरकार के पतन के बाद पहली बार होगा।
कुल 250 सीटों वाली सीरियाई संसद में पारंपरिक रूप से सरकार समर्थक गुटों का दबदबा रहा है। अंतरिम अधिकारियों ने दावा किया कि आगामी चुनाव एक अधिक समावेशी और बहुलवादी राजनीतिक प्रक्रिया के लिए हैं।
सीरिया के केंद्रीय बैंक के गवर्नर अब्दुल कादर अल-होसरी ने शनिवार को सरकारी समाचार एजेंसी सना को बताया कि देश एक व्यापक मौद्रिक और वित्तीय सुधार योजना के तहत चरणों में नए बैंक नोट जारी करेगा, हालाँकि उन्होंने जारी करने की तारीख नहीं बताई।
