मुंबई, 28 अगस्त (वार्ता) जियो फाइनेंशियल सर्विसेज (जेएफएसएल) प्राइवेट प्लेसमेंट के आधार पर प्रवर्तकों को 15,825 करोड़ रुपये के तरजीही शेयर जारी करेगा।
कंपनी की ऑनलाइन सालाना आम बैठक में गरुवार को निदेशक मंडल ने इससे संबंधित प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की। अभी इसे शेयरधारकों की मंजूरी मिलनी शेष है। आम बैठक में शेयरधारकों को कंपनी की वित्तिय गतिविधियों के बारे में जानकारी दी गयी। निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2025 के लिए 10 रुपये अंकित मूल्य वाले प्रत्येक इक्विटी शेयर पर 0.50 रुपये का लाभांश देने की सिफारिश भी की।
जेएफएसएल के चेयरमैन के.वी. कामथ ने शेयरधारकों को संबोधित करते हुए कहा, “देश की अर्थव्यवस्था लगभग 6.5-7 प्रतिशत की दर से बढ़ रही है। युवा आबादी, बढ़ती आय, नीति-आधारित सुधार, मजबूत बुनियादी ढांचा और बड़े पैमाने पर रोजमर्रा के कामकाज का डिजिटलीकरण इसकी बड़ी वजह हैं। हाल के वर्षों की सबसे उल्लेखनीय उपलब्धियों में से एक मजबूत डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे का निर्माण रहा है। ये प्लेटफॉर्म ग्रामीण-शहरी अंतर को पाटने में मदद कर रहे हैं, लाखों नये उपयोगकर्ताओं को औपचारिक अर्थव्यवस्था के दायरे में ला रहे हैं, और एक नये डिजिटल समावेशी और न्यायसंगत ईको सिस्टम को खड़ा कर रहे हैं।”
जेएफएसएल के एमडी और सीईओ हितेश सेठिया ने कहा कि कंपनी की योजना एक पूर्ण वित्तीय सेवा संस्थान बनने की है जिसकी बाजार में महत्वपूर्ण हिस्सेदारी हो। कंपनी इस समय निर्माण के रणनीतिक चरण में है, जिसमें विविध व्यवसायों का या तो विस्तार किया जा रहा है या उन्हें नये सिरे से विकसित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2026 की पहली तिमाही में समेकित आधार पर शुद्ध आय में परिचालन से आय 40 फीसदी के स्तर पर पहुंच गयी है जो पिछले साल की समान अवधि में 12 प्रतिशत पर थी। वित्त वर्ष 2026 की पहली तिमाही में जेएफएसएल ने अपनी सभी डिजिटल प्लेटफॉर्म्स से प्रतिमाह औसतन 81 लाख उपयोगकर्ताओं को अपनी सेवा दीं।
कंपनी ने बताया कि जियोब्लैकोरल के म्यूचुअल फंड जैसे नये उत्पादों और टैक्स फाइलिंग तथा प्लानिंग जैसी सुविधाओं के लाइव होने के साथ ही उपयोगकर्ताओं की तादाद में खासा इजाफा दर्ज किया गया है।

