नयी दिल्ली, 28 अगस्त (वार्ता) अग्रणी वित्तीय सेवा और यूपीआई भुगतान कंपनी भारतपे ने गुरुवार को यूनिटी स्मॉल फाइनेंस बैंक (यूनिटी बैंक) के साथ साझेदारी में यूनिटी बैंक भारतपे क्रेडिट कार्ड पेश करने की घोषणा की।
इस को-ब्रांडेड क्रेडिट कार्ड को भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (एनपीसीआई) के रुपे नेटवर्क पर पेश किया है। इसमें कोई शुरुआती शुल्क नहीं लिया जायेगा। साथ ही कोई वार्षिक शुल्क या प्रसंस्करण शुल्क नहीं होगा और न ही ईएमआई के समय से पहले भुगतान पर कोई दंड नहीं लगाया जायेगा।
दोनों कंपनियों ने एक संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि कार्ड 12 महीने तक का ईएमआई विकल्प प्रदान करता है, जिससे ग्राहकों को बड़ी खरीददारी को प्रबंधित करने में मदद मिलती है।
खास बात यह है कि बिना किसी प्रतिबंध के सभी व्यापारी श्रेणियों और प्लेटफार्मों में ईएमआई रूपांतरण पर प्रत्येक लेनदेन पर इसके असीमित दो प्रतिशत अवार्ड जिलियन क्वाइन्स के रूप में मिलेंगे। जिलियन क्वाइन्स को ब्रांड वाउचर, उत्पादों या यहां तक कि क्रेडिट कार्ड बिलों का भुगतान करने के लिए भारतपे ऐप के माध्यम से भुनाया जा सकता है।
भारतपे में उपभोक्ता व्यवसाय प्रमुख कोहिनूर विश्वास ने कहा, “हमारा ध्यान हमेशा क्रेडिट तक पहुंच को सरल, पारदर्शी और समावेशी बनाने पर रहा है। यूनिटी बैंक भारतपे क्रेडिट कार्ड के साथ ग्राहकों को बिना किसी छिपे हुए शुल्क के सही मायने में आजीवन मुफ्त कार्ड मिलता है। ऑटो-ईएमआई सुविधा से ग्राहकों को रिवॉल्विंग क्रेडिट ट्रैप और उच्च ब्याज दरों से बचने में मदद मिलती है।”
यूनिटी बैंक के मुख्य व्यवसाय अधिकारी (डिजिटल बैंकिंग) आदित्य हरकौली ने कहा, “यह कहना कि वर्तमान और भविष्य के वित्तीय प्रवाह को संतुलित करना कई लोगों के लिए एक दैनिक चुनौती है, एक सच्चाई है। यह अपनी तरह का पहला क्रेडिट कार्ड वेतनभोगी और स्व-नियोजित व्यक्तियों, व्यावहारिक और पारदर्शी भुगतान और क्रेडिट विकल्प दोनों प्रदान करता है।”

