नयी दिल्ली, 28 अगस्त (वार्ता) विनिर्माण क्षेत्र के मजबूत प्रदर्शन से जुलाई में देश के औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आईआईपी) में 3.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी।
इस साल जून में आईआईपी 1.5 फीसदी बढ़ा था, जबकि जुलाई 2024 में पांच प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी थी।
राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय द्वारा गुरुवार को जारी आंकड़े में बताया गया है कि साल-दर-साल आधार पर जुलाई में विनिर्माण क्षेत्र का उत्पादन 5.4 प्रतिशत और बिजली उत्पादन 0.6 प्रतिशत बढ़ा। वहीं, खनन क्षेत्र के उत्पादन में 7.2 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गयी। विनिर्माण क्षेत्र के उत्पादन में बेसिक मेटल समूह का योगदान 12.7 प्रतिशत, बिजली के उपकरणों का 15.9 प्रतिशत और अधातु खनिज का 9.5 प्रतिशत रहा।
चालू वित्त वर्ष के पहले चार महीने में अप्रैल से जुलाई के लिए आईआईपी की वृद्धि दर 2.3 प्रतिशत रही। पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह 5.4 प्रतिशत रही थी। इस दौरान विनिर्माण में 3.9 प्रतिशत की बढ़त रही जबकि बिजली उत्पादन 0.9 प्रतिशत और खनन क्षेत्र का उत्पादन 3.9 प्रतिशत घट गया।

