इंदौर:पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल ने जून 2026 में माल परिवहन और परिचालन दक्षता के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है. मंडल ने प्रतिदिन औसतन 57.7 क्रैक ट्रेनों का संचालन कर नया रिकॉर्ड बनाया, जबकि इससे पहले मई 2024 में प्रतिदिन औसतन 50.52 क्रैक ट्रेनों का सर्वोच्च रिकॉर्ड था.पूरे महीने में केवल दो दिन छोड़कर प्रतिदिन 50 से अधिक तथा 10 दिनों तक 60 से अधिक क्रैक ट्रेनों का संचालन किया गया. साथ ही 47.25 प्रतिशत का सर्वश्रेष्ठ क्रैक रेशियो भी हासिल किया गया. रतलाम-वटवा खंड पर जून में 124 क्रैक ट्रेनों का संचालन भी अब तक का सर्वोच्च मासिक प्रदर्शन रहा.
मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार, माल लदान में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई. जून में सीमेंट की 223 रेक, क्लिंकर की 239 रेक जून माह का नया रिकॉर्ड उर्वरक की 46 रेक खाद्यान्न की 36 रेक पीओएल की 70 रेक कंटेनर की 55 रेक और रेड ओकर की 6 रेक की लोडिंग हुई. खाद्यान्न में 125 प्रतिशत, पीओएल में 264 प्रतिशत कंटेनर में 30 प्रतिशत और रेड ओकर में 228.57 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई. मंडल रेल प्रबंधक अश्वनी कुमार के मार्गदर्शन तथा परिचालन, कर्षण, संकेत एवं दूरसंचार, यांत्रिक, वाणिज्य और इंजीनियरिंग विभागों के समन्वित प्रयासों से यह उपलब्धि संभव हुई. रतलाम मंडल का यह प्रदर्शन पश्चिम रेलवे की माल परिवहन क्षमता को और अधिक सुदृढ़ करने के साथ भारतीय रेलवे की माल ढुलाई प्रणाली को भी नई गति देगा.
