नई दिल्ली | आईपीएल 2026 के आगाज़ से पहले क्रिकेट के गलियारों में दिलचस्प आंकड़ों की चर्चा तेज़ हो गई है। इस लीग के 19वें सीज़न की शुरुआत 28 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच होने वाली है। इसी बीच एक ऐसी सूची सामने आई है जिसमें उन 5 वर्ल्ड क्लास खिलाड़ियों के नाम हैं जिन्होंने आईपीएल में रनों का अंबार तो खड़ा किया, लेकिन कभी ‘ऑरेंज कैप’ अपने नाम नहीं कर सके। इस फेहरिस्त में सबसे चौंकाने वाला नाम ‘हिटमैन’ रोहित शर्मा का है, जो विराट कोहली के बाद लीग में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज हैं, फिर भी यह प्रतिष्ठित कैप उनके सिर की शोभा नहीं बन पाई।
चेन्नई सुपर किंग्स को अपनी कप्तानी में पांच बार चैंपियन बनाने वाले एमएस धोनी इस लिस्ट में एक प्रमुख नाम हैं। निचले क्रम पर बल्लेबाजी करने के बावजूद धोनी ने 5439 रन बनाए हैं, लेकिन कभी टॉप स्कोरर नहीं रहे। वहीं, ‘मिस्टर आईपीएल’ के नाम से मशहूर सुरेश रैना ने 205 मैचों में 5528 रन जोड़े, मगर ऑरेंज कैप की रेस में हमेशा पीछे रह गए। इनके अलावा दक्षिण अफ्रीकी दिग्गज एबी डी विलियर्स ने भी 14 सीज़न में 5000 से अधिक रन बनाए, पर वे भी इस व्यक्तिगत उपलब्धि से दूर रहे। ये सभी खिलाड़ी अपनी टीमों के लिए मैच विनर रहे हैं, लेकिन एक सीजन में सर्वाधिक रन का रिकॉर्ड नहीं बना सके।
शिखर धवन और रोहित शर्मा इस लिस्ट के सबसे बड़े खिलाड़ी हैं जो 2008 से अब तक लीग का हिस्सा हैं। ‘गब्बर’ के नाम से मशहूर शिखर धवन ने 222 मैचों में 6769 रन बनाए हैं और वे कई बार इस रेस के करीब पहुंचे, पर कैप नहीं जीत पाए। वहीं रोहित शर्मा ने 272 मैचों में 7046 रन बनाकर मुंबई इंडियंस को 5 खिताब तो दिलाए, लेकिन व्यक्तिगत रूप से ऑरेंज कैप का सूखा खत्म नहीं कर सके। अब जब रोहित अपने करियर के अंतिम पड़ाव पर हैं, तो फैंस को उम्मीद है कि आईपीएल 2026 में वे इस कमी को पूरा करेंगे।

