
मास्को, 19 मार्च (वार्ता/स्पुतनिक) रूस ने ईरान में स्थित बुशहर परमाणु ऊर्जा संयत्र पर हुए गैर-जिम्मेदाराना हमले की निंदा की है और कहा है कि इजराइल और अमेरिका को ऐसे लापरवाह हमले बंद करने चाहिए, जो सुरक्षा जोखिम पैदा करते हैं। रूस के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोव ने बुधवार को यह बात कही। सुश्री ज़खारोवा ने एक प्रेस ब्रीफिंग में कहा, “हम ईरान के बुशहर परमाणु ऊर्जा संयंत्र की भीतरी परिधि में औक परिचालन इकाई से कुछ ही मीटर की दूरी पर किए गए गैरजिम्मेदाराना और अस्वीकार्य मिसाइल हमले की कड़ी निंदा करते हैं। इजरायल और अमेरिका को परमाणु अवसंरचना सुविधाओं पर लापरवाह हमलों को बंद करना चाहिए, जिससे पूरे क्षेत्र में रेडियोलॉजिकल एवं पर्यावरणीय आपदा का वास्तविक खतरा उत्पन्न होता है।”
रूसी राजनयिक ने कहा कि रूस पश्चिम एशिया में संघर्ष में शामिल पक्षों से समझदार बनने और युद्धविराम के प्रयास करने का आह्वान करता है। सुश्री ज़खारोवा ने कहा, “हम आईएईए से इस जघन्य घटना की स्पष्ट निंदा की उम्मीद करते हैं जिसकी सुरक्षा में बुशहर परमाणु ऊर्जा संयंत्र स्थित है। हम अंतरराष्ट्रीय समुदाय के सभी जिम्मेदार एवं समझदार सदस्यों और विशेष रूप से खाड़ी देशों से उचित प्रतिक्रिया की उम्मीद करते हैं।” ईरान के परमाणु ऊर्जा संगठन (एईओआई) ने मंगलवार को कहा कि एक मिसाइल संयंत्र के परिसर में गिरी लेकिन इसमें कोई हताहत नहीं हुआ। अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) ने कहा कि उसे इस घटना की जानकारी प्राप्त हुई है।
