जबलपुर: मदनमहल थाना अंतर्गत एक्सिस बैंक की नेपियर टाउन मुख्य शाखा में कार्यरत एक महिला कर्मचारी ने खाता खुलवाने के बहाने एक महिला के दस्तावेज हड़प लिए। इसके बाद पीड़िता की जानकारी के बिना क्रेडिट कार्ड और डीमैट खाता जारी कराकर लाखों रुपये का अनधिकृत लेन-देन कर डाला। मामले का खुलासा तब हुआ जब बैंक का रिकवरी एजेंट पीड़िता के घर कर्ज वसूलने पहुंचा। पुलिस ने आरोपी महिला कर्मचारी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, साकर नगर कॉलोनी तिलहरी निवासी पूनम तिवारी ने शिकायत दर्ज कराई कि कुछ महीने पहले एक्सिस बैंक की कर्मचारी सुश्री मोनाली सिंह पुत्री अजय कुमार सिंह उनके घर आई थी। मोनाली ने पूनम को बैंक में खाता खुलवाने के लिए प्रेरित किया। झांसे में आकर पूनम ने उसे अपना आधार कार्ड, पैन कार्ड और तस्वीरें सौंप दीं। दस्तावेज लेने के बाद आरोपी कर्मचारी ने पीड़िता को खाते से संबंधित कोई पासबुक या दस्तावेज नहीं दिए। एक्सिस बैंक की रिकवरी एजेंट जानवी चतुर्वेदी अचानक पूनम तिवारी के घर पहुंची। उसने पूनम से उनके नाम पर जारी क्रेडिट कार्ड्स के भारी-भरकम बकाया भुगतान की मांग की। यह सुनते ही पूनम के होश उड़ गए, क्योंकि उन्होंने कभी किसी क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन ही नहीं किया था।
पता, मोबाइल और ईमेल सब बदला, अनाधिकृत डीमैट खाता भी
जब पीड़िता ने बैंक शाखा जाकर मामले की छानबीन की, तो साजिश का खुलासा हुआ। बैंक रिकॉर्ड में पूनम तिवारी के पते के साथ आरोपी मोनाली सिंह ने चालाकी से अपना खुद का पता मकान नंबर 13, साकर नगर कॉलोनी भी दर्ज करा रखा था। खाते और क्रेडिट कार्ड से जुड़े मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी पीड़िता के नहीं थे। आरोपी ने अपने नंबर लिंक कर रखे थे ताकि ट्रांजेक्शन के ओटीपी उसे मिलते रहें और पीड़िता को भनक न लगे।
पीड़िता की बिना सहमति के खाते से एक डीमैट अकाउंट भी लिंक पाया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी ने पूनम के नाम पर जारी क्रेडिट कार्डों से जमकर खरीदारी और ट्रांजेक्शन किए। बैंक रिकॉर्ड के अनुसार इन कार्डों पर क्रमशः 2, 49, 679.52, 29,768.98 और 4,651 का बकाया खड़ा हो चुका है। पुलिस की प्राथमिक जांच में पाया गया कि आरोपी मोनाली सिंह ने इस पूरे फर्जीवाड़े के जरिए पीड़िता को सीधे तौर पर 84,100 की वित्तीय हानि पहुंचाई है। पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद आरोपी बैंक कर्मचारी कु. मोनाली सिंह निवासी साकार नगर कॉलोनी, थाना गोराबाजार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
