युवक पर चाइना चाकू से ताबड़तोड़ हमला, सीने और पेट में 6 वार, हालत नाजुक

जबलपुर:गोहलपुर थाना अंतर्गत भोलानगर में युवक पर उसके ही पड़ोसी ने पुरानी रंजिश के चलते चाइना चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपी ने युवक की हत्या करने की नीयत से उसके पेट, सीने और हाथ पर 6 गंभीर वार किए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल को अत्यंत नाजुक हालत में नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।

पुलिस के अनुसार, भोलानगर निवासी सुनील कोल (44) पेशे से केबल ऑपरेटर हैं, रात करीब 10:30 बजे वह अपने घर में टीवी देख रहा था। इसी दौरान घर के बाहर से अचानक जोर-जोर से आवाजें आने लगीं। जब वह दौड़कर घर के बाहर निकला, तो उसने देखा कि पड़ोस में रहने वाला अंकुश केशरवानी उसके छोटे भाई विनोद कोल (26) के साथ विवाद कर रहा था। आरोपी अंकुश पुरानी किसी बात को लेकर विनोद को सरेराह धमकी दे रहा था। जब विनोद ने इसका विरोध किया तो अंकुश आपा खो बैठा। उसने तुरंत अपनी जेब से धारदार चाइना चाकू निकाला और विनोद पर टूट पड़ा।

आरोपी ने विनोद के पेट और सीने को निशाना बनाते हुए एक के बाद एक आधा दर्जन वार किए। बीच-बचाव की कोशिश में विनोद के हाथ में भी गंभीर चोटें आईं। लहूलुहान विनोद की चीखें सुनकर जब भाई सुनील और मोहल्ले के अन्य लोग उसकी जान बचाने के लिए मौके की तरफ दौड़े, तो आरोपी अंकुश केशरवानी चाकू लहराते हुए अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। परिजन आनन-फानन में घायल विनोद को ऑटो से लेकर विक्टोरिया अस्पताल पहुंचे। वहां विनोद की हालत बिगड़ती देख डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। अत्यधिक खून बह जाने और सीने-पेट में गहरे घाव होने के कारण विनोद फिलहाल कुछ भी बोल पाने की स्थिति में नहीं है। सुनील कोल की शिकायत पर आरोपी अंकुश केशरवानी के खिलाफ हत्या के प्रयास के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

Next Post

सरेराह युवक के हाथ से मोबाइल झपटा

Sun May 31 , 2026
जबलपुर: ओमती थाना अंतर्गत मच्छो कम्पाउण्ड एमपीईबी ऑफिस के सामने सड़क पर खड़े होकर फोन पर बात कर रहे एक युवक को दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने निशाना बना उसके हाथ से मोबाइल छीनकर पलक झपकते ही फरार हो गए।पुलिस के मुताबिक, मच्छो कम्पाउण्ड एमपीईबी ऑफिस के सामने निवासी […]

You May Like