जबलपुर: ओमती थाना अंतर्गत मच्छो कम्पाउण्ड एमपीईबी ऑफिस के सामने सड़क पर खड़े होकर फोन पर बात कर रहे एक युवक को दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने निशाना बना उसके हाथ से मोबाइल छीनकर पलक झपकते ही फरार हो गए।पुलिस के मुताबिक, मच्छो कम्पाउण्ड एमपीईबी ऑफिस के सामने निवासी 21 वर्षीय मोहित नायडू बीती रात करीब 9:50 बजे अपने घर के बाहर सड़क पर किसी से मोबाइल पर बात कर रहा था। इसी दौरान तैय्यब अली चौक की तरफ से एक मोटरसाइकिल पर दो नकाबपोश बदमाश आए।
मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे आरोपी ने सिर पर टोपी लगा रखी थी। जैसे ही बाइक मोहित के करीब पहुंची, पीछे बैठे टोपी वाले बदमाश ने तेजी से झपट्टा मारा और मोहित के हाथ से मोबाइल फोन कीमत लगभग 15 हजार रुपये छीन लिया। वारदात के बाद चालक ने बाइक की रफ्तार बढ़ाई और दोनों आरोपी इनकम टैक्स चौक होते हुए नागरथ चौक की तरफ रफूचक्कर हो गए। अचानक हुई इस घटना से पीड़ित संभल पाता, तब तक आरोपी नजरों से ओझल हो चुके थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
