मासूम को आंगन से खींचकर ले गए स्ट्रीटडॉग, चेहरे-आंख के पास नोचा, 10 टांके आए

नीमच। नगर के केंट थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर को अपने घर के बाहर खेल रही एक 4 साल की मासूम पर तीन से चार स्ट्रीट डॉग्स ने हमला कर दिया। बच्ची के चिल्लाने पर आसपास के लोगों ने उसे छुड़ाया और तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। मासूम के मुंह पर करीब 10 टांके आए है। फिलहाल अस्पताल के आईसीयू वार्ड में उसका इलाज किया जा रहा है।

बच्ची को आंगन से खींचकर बाहर ले गए

वार्ड क्रमांक 18 स्थित शालीमार कॉलोनी निवासी फिरोजा ने बताया की उनकी बेटी अलशिफा (4) बुधवार दोपहर को मैगी खाने के बाद आंगन में खेल रही थी। इस दौरान तीन से चार आवारा कुत्तों ने अचानक उसपर पर जानलेवा हमला कर दिया। कुत्ते उस पर टूट पड़े और उसे आंगन से खींचकर बाहर ले गए।

चेहरे और आंख के पास गहरे जख्म, 10 टांके आए

कुत्तों के झुंड ने बच्ची को बुरी तरह नोच डाला। आसपास के लोगों ने शोर मचाकर किसी तरह बच्ची को छुड़ाया और तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने बताया कि बच्ची के चेहरे और आंख के पास गहरे जख्म हैं। उसके मुंह पर करीब 10 टांके लगाए गए हैं। फिलहाल वह जिला अस्पताल के आईसीयू वार्ड में भर्ती है और इलाज जारी है।

पहले भी हो चुके हैं हमले

घायल बच्ची कि शालीमार कॉलोनी में यह तीसरा ऐसा मामला है जब आवारा कुत्तों ने किसी पर हमला किया हो। इससे पहले भी एक बालिका और एक महिला को कुत्ते काट चुके हैं।

लोगों में दहशत, प्रशासन पर लापरवाही के आरोप

स्थानीय लोगों ने बताया कि कॉलोनी में आवारा कुत्तों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। नगर पालिका से कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों में डर का माहौल है और बच्चे घरों के बाहर खेलने से कतराने लगे हैं।

नसबंदी अभियान पर उठे सवाल

जानकारी के अनुसार, नगर पालिका ने पहले कुत्तों की नसबंदी कराई थी, लेकिन इस पर घोटाले के आरोप लगे थे। इसके बावजूद शहर में आवारा कुत्तों की संख्या में कोई कमी नहीं आई। लोगों का कहना है कि इस गंभीर घटना के बाद नगर पालिका शहर में कुत्तों के बढ़ते आतंक को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाना चाहिए।

Next Post

जनजातीय गौरव पखवाड़ा के अंतर्गत सोड़वा में पैदल यात्रा आयोजित

Wed Nov 12 , 2025
आलीराजपुर । धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती समापन वर्ष के उपलक्ष्य में जनजातीय गौरव पखवाड़ा के अंतर्गत जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के मार्गदर्शन में सोड़वा में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं द्वारा एक पैदल यात्रा […]

You May Like

मनोरंजन