
सीहोर. पुलिस की रात्रिकालीन गश्त व्यवस्था को चुनौती देते हुए चोरों ने बीती रात लुनिया चौराहा स्थित एक किराना दुकान के शटर का ताला तोड़ते हुए अंदर रखे हजारों रुपए की नगदी और सामान पर हाथ साफ कर दिया. समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर प्रकरण दर्ज नहीं किया था.
जानकारी के अनुसार थाना कोतवाली अंतर्गत आने वाले लुनिया चौराहा निवासी राहुल कौशल की चौराहे पर किराना दुकान है. बताया जाता है कि बीती रात राहुल दुकान बंद करके घर चले गए थे. देर रात को चोरों ने पुलिस की गश्त व्यवस्था को चुनौती देते हुए दुकान की शटर के ताले चटकाए और दुकान के गल्ले मेें रखे 17 हजार 500 रुपए और सामान समेटकर चलते बने. सुबह जब राहुल दुकान खोलने पहुंचे तो उन्हें दुकान का शटर खुला नजर आया व अंदर सामान बिखरा हुआ था. उन्होंने सूचना पुलिस को दी. दो पुलिसकर्मी मौका मुआयना करने भी पहुंचे थे, लेकिन शाम तक राहुल कौशल की शिकायत पर चोरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज नहीं किया जा सका था.
