बोलेरो वाहन में मिला भारी मात्रा में शराब

सिंगरौली : जिले में अवैध शराब की बिक्री और कथित पैकारी को लेकर लगातार सामने आ रही घटनाओं ने आबकारी विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।ताजा मामला सरई थाना क्षेत्र की निवास चौकी का है, जहां ग्रामीणों ने शराब की खेप ले जा रहे बताए जा रहे बोलेरो वाहन क्रमांक यूपी 70 एफडी 7429 को रोककर पुलिस को सूचना दी। वाहन को पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। बरामद शराब की वास्तविक मात्रा, कीमत और उसके स्रोत की पुष्टि जांच के बाद होगी। हालांकि शराब की संख्या 25 से 30 पेटी बताई जा रही है। वहीं बताया जा रहा है कि निवास क्षेत्र महुआ गांव के बाजार में शराब की खेप पहुंचने की सूचना पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान बोलेरो वाहन को हटाने का प्रयास किया गया, लेकिन ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद वाहन मौके पर ही रह गया।

सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और वाहन को कब्जे में ले लिया। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर खपाया जाना था। वहीं निवास की घटना अकेली नहीं है। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में अवैध शराब के संग्रहण, परिवहन और बिक्री के मामले सामने आते रहे हैं। हाल में आबकारी विभाग ने भी जिले में विशेष अभियान चलाकर 17 प्रकरण दर्ज करने और 165 लीटर हाथभ_ी शराब सहित सामग्री जप्त करने की जानकारी दी थी। सरई क्षेत्र में भी पूर्व में पुलिस द्वारा 51 लीटर से अधिक शराब जप्त कर प्रकरण दर्ज किया जा चुका है। इसके बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में कथित पैकारी को लेकर शिकायतें जारी हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कई स्थानों पर शराब की बिक्री खुले अथवा छिपे तौर पर जारी है और गांवों में पैकारी जारी है। फिलहाल जिले में जगह-जगह चल रही पैकारी को लेकर शराब ठेकेदारों की मनमानी पर आबकारी विभाग के द्वारा अंकुश न लगाए जाने पर प्रबुद्धजन भी तरह-तरह के सवाल उठाने लगे हैं।
बिलौंजी की घटना ने बढ़ाए सवाल
दो दिन पूर्व बिलौंजी क्षेत्र में शराब बिक्री को लेकर विवाद और मारपीट का मामला सामने आया था। घटना से संबंधित वीडियो प्रसारित होने के बाद कोतवाली पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई है। स्थानीय स्तर पर इस घटना को भी शराब की अवैध बिक्री से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि पूरे घटनाक्रम और इसमें शामिल लोगों की भूमिका पुलिस जांच का विषय है। ऐसे में सवाल यह है कि निवास से लेकर जिले के अन्य क्षेत्रों में सामने आ रही शिकायतों पर केवल जब्ती और प्रकरण दर्ज करने तक कार्रवाई सीमित रहेगी या फिर कथित पैकारी की पूरी आपूर्ति शृंखला तक जांच पहुंचेगी। ग्रामीणों ने पुलिस और आबकारी विभाग से अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।

Next Post

मुलानी ने मैच में सात विकेट लिए, भारत ए ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ 1-0 से बनाई बढ़त

Fri Sep 25 , 2026
पुड्डुचेरी , 25 सितंबर (वार्ता) स्पिन गेंदबाज शम्स मुलानी (तीन विकेट) और तुषार देशपांडे (तीन विकेट) के बेहतरीन गेंदबाजी प्रदर्शन की बदौलत भारत ए ने अनौपचारिक टेस्ट मैच के चौथे दिन शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया ए को 162 रनों से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ भारत ए ने इस […]

You May Like