
नीमच। जिले के महू-नसीराबाद हाईवे पर शुक्रवार को एक तेज रफ्तार ट्रक और सडक़ किनारे खड़ी बोरवेल मशीन के बीच भिड़ंत हो गई। धानुका फैक्ट्री के पास हुए इस हादसे में सीमेंट से भरा बोरवेल मशीन को टक्कर मारते हुए पलट गया। इस दौरान भारी-भरकम बोरवेल मशीन करीब 20 फीट तक घसीटती हुई सडक़ से नीचे खेत के किनारे जा गिरी।
सीमेंट के कट्टे सडक़ पर बिखरे
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक (आरजे 09 जीडी 9036) की रफ्तार काफी अधिक थी, जिससे टकराने के बाद ट्रक का ट्राला पलट गया और पूरी सीमेंट सडक़ पर बिखर गई। इस दौरान पास ही खड़े दो बाइक सवार, दीपक खारोल और बलवंत चौहान, चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गए।
एक मिनट की देरी से जा सकती थी जान
प्रत्यक्षदर्शी और पीडि़त दीपक खारोल ने बताया कि वे अपने साथी के साथ दूलाखेड़ा से वेयर हाउस ड्यूटी पर जा रहे थे। लघुशंका के लिए वे अपनी बाइक खड़ी कर कुछ दूरी पर गए ही थे कि तभी बेकाबू ट्रक ने खड़ी बोरवेल मशीन को टक्कर मार दी। मशीन घसीटती हुई उनकी बाइक पर जा गिरी। दीपक ने बताया कि यदि वे अपनी बाइक के पास होते तो गंभीर अनहोनी हो सकती थी।
क्रेन की मदद से ट्रक हटाया
हादसे की सूचना मिलते ही नीमच सिटी पुलिस मौके पर पहुंची। पलटे हुए ट्रक और बिखरी सीमेंट के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया था। पुलिस ने क्रेन बुलाकर क्षतिग्रस्त वाहनों और बोरवेल मशीन को मार्ग से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। पुलिस ने ट्रक चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
