इंदौर:मध्य प्रदेश की व्यावसायिक राजधानी इंदौर के कपड़ा बाजार में फिलहाल कीमतों में कोई बड़ी बढ़ोतरी देखने को नहीं मिल रही है, लेकिन आने वाले समय में तेजी की संभावना जताई जा रही है. व्यापारियों के अनुसार, यार्न (धागे) की कीमतों में हाल ही में 15 से 25 प्रतिशत तक की वृद्धि हुई है, जिससे कपड़ा उत्पादन महंगा हो गया है.
कपड़ा व्यापारी अक्षय जैन ने बताया कि यार्न महंगा होने से उत्पादन लागत बढ़ी है, जिसका असर धीरे-धीरे बाजार में दिखाई देगा. रेडीमेड कपड़ों से लेकर थोक फैब्रिक तक, सभी श्रेणियों में कीमतें बढ़ने की संभावना है और अंततः इसका भार ग्राहकों पर पड़ेगा.
शादी सीजन ने फिलहाल संभाले रखे भाव
इंदौर के शीतला माता बाजार में अभी कीमतों में स्थिरता का मुख्य कारण शादी सीजन है. व्यापारियों ने बताया कि मार्च-अप्रैल के विवाह सीजन को देखते हुए 2-3 महीने पहले ही मिलों और बड़े थोक व्यापारियों को ऑर्डर दे दिए गए थे. उस समय यार्न सस्ता था, इसलिए वर्तमान स्टॉक पर महंगाई का असर नहीं पड़ा है. शीतला माता बाजार के व्यापारी तरुण सेवानी के अनुसार अभी बाजार में महंगाई का कोई खास असर नहीं दिख रहा है. अप्रैल में शादी और आखातीज के चलते अच्छी खरीदी हो रही है. लेकिन जो नया माल आएगा, उस पर यार्न की बढ़ी कीमतों का असर जरूर पड़ेगा और 15-20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हो सकती है.
व्यापारियों ने ग्राहकों को दी राहत
कपड़ा व्यापारिक संगठन के अध्यक्ष खेमा भाई ने बताया कि पहले से दिए गए ऑर्डर के कारण व्यापारी फिलहाल पुराने रेट पर ही ग्राहकों को माल उपलब्ध करा रहे हैं। उन्होंने कहा, “हम कोशिश कर रहे हैं कि ग्राहकों पर तुरंत महंगाई का असर न पड़े, लेकिन आने वाले ऑर्डर महंगे होंगे, जिससे कीमतें बढ़ेंगी।”
ग्राहकों को दिखने लगा असर
बाजार में खरीदारी करने आई ग्राहकों अर्चना और मोहिनी ने बताया कि बच्चों के कपड़ों में पहले की तुलना में थोड़ी महंगाई महसूस हुई है. हालांकि साड़ियों और अन्य कपड़ों में अभी ज्यादा बढ़ोतरी नहीं दिख रही, लेकिन घरेलू सामान और अन्य वस्तुओं में महंगाई का असर साफ नजर आ रहा है.
आने वाले समय में बढ़ेगी कीमतें
स्थानीय व्यापारियों का मानना है कि यदि यार्न की कीमतों में स्थिरता नहीं आई, तो अगले 1-2 महीनों में कपड़ों के दामों में निश्चित रूप से तेजी देखने को मिलेगी. फिलहाल बाजार शादी सीजन और पुराने स्टॉक के सहारे संतुलित बना हुआ है, लेकिन नई खेप महंगी होने के संकेत दे रही है
