जयपुर, 20 मार्च (वार्ता) आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले ही राजस्थान रॉयल्स (आरआर) को बड़ा झटका लगा है क्योंकि ग्रोइन में चोट की आशंका के चलते सैम करन का पूरे आईपीएल सीजन से बाहर होना तय माना जा रहा है।
करन ने पिछला मुक़ाबला 5 मार्च 2026 को भारत के ख़िलाफ टी20 विश्व कप 2026 का सेमीफ़ाइनल खेला था, जिसमें इंग्लैंड को हार मिली थी।
पिछले साल नवंबर में सीएसके से आरआर ने करन को ट्रेड के ज़रिए अपने दल में शामिल किया था और वह पहली बार इस फ्रेंचाइजी के लिए खेलने वाले थे। विकेटकीपर बल्लेबाज़ संजू सैमसन के बदले में आरआर ने सीएसके से रवींद्र जडेजा और करन को अपने साथ जोड़ा था।
करन ने 2019 में पंजाब किंग्स के साथ अपने आईपीएल करियर की शुरुआत की थी और आरआर तीसरी टीम होती जिनके लिए वह आईपीएल खेलते। 2020 और 2021 में सीएसके के लिए खेलने के बाद करन को पंजाब किंग्स ने 18.5 करोड़ में अपने दल में शामिल किया था और वह उस समय लीग के सबसे महंगे खिलाड़ी भी बने थे। 2024 में करन ने पंजाब किंग्स के लिए ही खेला लेकिन 2025 में सीएसके ने 2.4 करोड़ में नीलामी में खरीद लिया। पिछले सीजन करन ने पांच मुक़ाबलों में 114 रन बनाए और वह एक ही विकेट हासिल कर पाए।
फ़िलहाल इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है कि आरआर करन की जगह किस खिलाड़ी को अपने दल में शामिल करेगा लेकिन पता चला है कि फ़्रैंचाइज़ी ने कुछ विकल्पों पर विचार किया है। जडेजा के अलावा आरआर के पास डोनावन फ़रेरा के रूप में एक अन्य ऑलराउंडर है – एक पावर हिटर जो कि तेज ऑफ स्पिन भी कर सकता है। जडेजा और करन की तरह ही फरेरा को भी आरआर ने ट्रेड के जरिए ही दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) से उनके एक करोड़ के बेस प्राइस में अपने दल में शामिल किया था।
