जबलपुर: खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने सोमवार को शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए नूडल्स समेत अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए। खाद्य पदार्थों में अजीनोमोटो (मोनो सोडियम ग्लूटामेट) की उपस्थिति की जांच के उद्देश्य से की गई। निरीक्षण के दौरान गढ़ा रोड स्थित केशरवानी फास्टफूड से नूडल्स, पटेल रेस्टोरेंट से मंचूरियन और फ्राइड राइस, अन्नपूर्णा फास्टफूड से पास्ता व नूडल्स, मदनमहल स्थित साहेब बार एंड रेस्टोरेंट से पास्ता के नमूने लिए गए। इसके अलावा गोराबाजार के चाऊमाऊ होटल, रामपुर के एमपी 20, होमसाइंस कॉलेज रोड के 4 यार कैफे एंड रेस्टोरेंट तथा सिविक सेंटर स्थित ड्रेगन एक्सप्रेस वेज चाइनीज सेंटर, श्री चाइनीज सेंटर और श्री साई चाइनीज से भी नूडल्स और अन्य खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए। यह कार्यवाही कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देशन में की गई।
व्यापारियों को दी गई चेतावनी
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान व्यापारियों को स्वाद बढ़ाने के लिए अजीनोमोटो के अधिक उपयोग से होने वाले स्वास्थ्य दुष्प्रभावों की जानकारी दी। साथ ही निर्देशित किया गया कि आवश्यकता पड़ने पर ही इसकी न्यूनतम मात्रा का उपयोग करें।
4 यार कैफे पर कड़ी कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान होमसाइंस कॉलेज रोड स्थित 4 यार कैफे एंड रेस्टोरेंट के किचन में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। यहां बड़ी संख्या में कॉकरोच, नमी से क्षतिग्रस्त दीवारें और अस्वच्छ परिस्थितियों में भोजन निर्माण व भंडारण पाया गया। इन खामियों को देखते हुए प्रशासन ने 4 यार कैफे एंड रेस्टोरेंट का खाद्य पंजीयन तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में यहां भोजन का निर्माण और विक्रय पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
