भिंड:भिंड में विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह कलेक्टर बंगले के बाहर धरने पर बैठे हैं। उन्होंने प्रशासन पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए किसानों के साथ नारेबाजी की। जानकारी मिलते ही आला अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने बाहर आकर प्रदर्शनकारियों से मिलने से इनकार कर दिया है। विधायक कुशवाह किसानों को खाद नहीं मिलने से नाराज हैं। उनके साथ सैकड़ों की संख्या में समर्थक और किसान भी मौके पर हैं।
प्रदर्शनकारी किसानों ने कहा कि वे रात 12 बजे से सहकारी समितियों के बाहर कतार में खड़े हो जाते हैं, लेकिन उन्हें मुश्किल से एक या दो बोरी खाद ही मिल पा रही है। वे लगातार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से गुहार लगा रहे हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।किसानों का आरोप है कि खाद खुले बाजार में महंगे दामों पर आसानी से उपलब्ध है, जिससे कालाबाजारी की आशंका गहरा रही है।
भिंड विधायक ने चंबल संभाग के कमिश्नर से फोन पर बात भी की।आला अधिकारी विधायक को समझा रहे हैं।बमौके पर एसपी असित यादव, एएसपी संजीव पाठक और एडीएम एलके पांडेय भी पहुंचे हैं। ये सभी अधिकारी विधायक को समझाने में जुटे हैं। विधायक ने फोन पर चंबल संभाग के कमिश्नर मनोज खत्री से भी बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कमिश्नर को बताया कि खाद संकट को लेकर कोई जमीनी तैयारी नहीं की गई है।हालात को देखते हुए कई अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। कलेक्टर बंगले पर विधायक समर्थकों की भीड़ बढ़ती ही जा रही है। मौके पर टेंट लगाए जाने की भी तैयारी शुरू हो चुकी है।
