महिलाओं की प्रगति पचा नहीं पा रही कांग्रेस इसलिए कर रहे अपमान

अनूपपुर। मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के बयान से सियासत गर्मा गई है। पटवारी ने कहा था कि मध्यप्रदेश की महिलाएं देश में सबसे ज्यादा शराब पीती हैं। उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि समृद्ध मध्यप्रदेश का सपना दिखाने वाली सरकार ने प्रदेश को इस हाल में पहुंचा दिया है।

पटवारी के बयान पर शहडोल सांसद हिमाद्री सिंह ने कड़ा विरोध जताया। बुधवार को वीडियो जारी कर उन्होंने कहा कि महिलाओं को शराबी कहना बेहद निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है। यह न केवल एक महिला बल्कि पूरे महिला समाज का अपमान है। उन्होंने सवाल उठाया कि कांग्रेस ऐसे आंकड़े कहां से लाती है और बार-बार अनर्गल बयानबाजी क्यों करती है।

सांसद सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार में महिलाएं आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बन रही हैं। विपक्षी दल उनकी प्रगति से परेशान होकर अपमानजनक टिप्पणी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी शक्ति को सम्मान और शक्ति का प्रतीक माना जाता है और कांग्रेस नेताओं के ऐसे बयान उनकी मानसिकता को उजागर करते हैं।

हिमाद्री सिंह ने कांग्रेस से तत्काल माफी मांगने और संबंधित नेताओं पर कड़ी कार्यवाही की मांग की। उन्होंने कहा कि महिला सम्मान पर कोई समझौता नहीं होगा और हम सब मिलकर नारी शक्ति के सम्मान और अधिकार की रक्षा का संकल्प लेते हैं।

Next Post

पति की दीर्घायु के लिए महिलाओं ने रखा निर्जला व्रत, शिव-पार्वती से मांगा आशीष

Wed Aug 27 , 2025
अनूपपुर। हरितालिका तीज व्रत को लेकर जिले भर में महिलाओं में गहरा उत्साह देखने को मिला। मंगलवार को सुहागिनों ने ब्रह्ममुहूर्त में स्नान कर रेत से शिव की आकृति बनाकर पूजा की और दिनभर निर्जला व्रत रख पति की दीर्घायु व खुशहाली की प्रार्थना की। बांस के बर्तन में पकवान […]

You May Like