
ग्वालियर। मप्र चेंबर आफ कामर्स एण्ड इण्डस्ट्रीज के चुनावों को आगे बढ़ाने को लेकर बुलाई असाधारण सभा में चेंबर सदस्य विजय सोमानी द्वारा धारा 12 के तहत लगाई गई आपत्ति शुक्रवार को सदस्यों के आपसी पुरजोर विरोध के बाद खारिज कर दी गई। अब चेंबर की कार्यकारिणी की बैठक 15 जून को सायं बुलाई गई हैं, जिसमे चुनाव अधिकारी की नियुक्ति के साथ ही 18 जुलाई से निर्वाचन का रास्ता साफ हो जायेगा।
हालांकि शुक्रवार को संजीव अग्रवाल कुक्कू और विजय सोमानी ने तर्क रखा कि हम 116 लोगों ने जो पत्र लिखा है उसमे भीषण गर्मी को देखते हुये चुनाव आगे बढ़ाने की मांग संविधान अनुसार ही है, यदि आप 15 जुलाई को आचार संहिता लगा दें तो चेंबर का संविधान भी प्रभावित नहीं होगा और चेंबर सदस्य व प्रत्याशी भी भीषण गर्मी से निजात पा जायेंगे। इसके साथ सबका सम्मान व सबकी बात रह जायेगी। लेकिन कुक्कू व सोमानी की बात सुनकर चेंबर अध्यक्ष डा. प्रवीण अग्रवाल ने 350 से भी अधिक उपस्थित सदस्यों से असाधारण सभा में कहा कि धारा 17-5 अनुमति नहीं देती है कि इस पर चर्चा कराई जाये। अतः असाधारण सभा में यह आपत्ति निरस्त की जाती है। अब 15 जून को कार्यकारिणी की बैठक होगी, जिसमे निर्वाचन अधिकारी की नियुक्ति की जायेगी।
संजीव अग्रवाल कुक्कू ने भी अध्यक्ष डा. प्रवीण अग्रवाल की बात का सम्मान रखा। उन्होंने कहा कि सदन मेरे लिये सर्वोपरि है, जो निर्णय सदन करेगा वह मुझे मान्य है।
