जबलपुर: लोकायुक्त की छापेमारी के बाद जैसे-जैसे जांच का दायरा बढ़ रहा है वैसे-वैसे सिवनी में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 (क्लर्क) सुभाष शर्मा की मुश्किलें बढ़ती जा रही है। धनकुबेर क्लर्क की अब तक की जांच में वैध आय से 543.19 प्रतिशत अधिक अनुपातहीन संपत्ति उजागर होने के बाद लोकायुक्त ने उसके और परिजनों के नाम पर मिले आठ बैंक खातों को सीज करने बैंकों को पत्र लिख दिया है। इसके साथ ही खातों में लाखों की रकम मैजूद है हालांकि अभी बैंकों से ट्रांजेक्शन का पूरा ब्यौरा नहीं मिल पाया है। विस्तृत जांच भी जारी है जिसके बाद काली कमाई का आंकड़ा और ऊपर जाएगा ।
विदित हो कि सुभाष शर्मा पिता रवि शर्मा, पद सहायक ग्रेड-2 कार्यालय क्षेत्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज प्रशिक्षण केन्द्र सिवनी, निवासी अम्बेडकर कॉलोनी राजीव गांधी वार्ड जिला द्वारा आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने संबंधी शिकायत लोकायुक्त से की गई थी। सुभाष शर्मा वर्तमान में क्षेत्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज प्रशिक्षण केन्द्र, सिवनी में पदस्थ हैं। शिकायत सत्यापन कार्यवाही लोकायुक्त की दो विशेष टीमों ने शनिवार को सुभाष शर्मा पिता रवि शर्मा के अंबेडकर कॉलोनी, राजीव गांधी वार्ड स्थित निवास और उनके फार्म हाउस पर एक साथ छापेमारी की थी। आरोपी ने काली कमाई का बड़ा हिस्सा अपनी पत्नी शीला शर्मा के नाम पर निवेश किया था।
जांच में अब तक सामने आई संपत्तियों में करमेता में पत्नी के नाम पर 4581 वर्गफुट की बेशकीमती भूमि मिली है, जिसकी कीमत करीब 2,88,45,288 है। पाटन लोहारी में 1,11, 02,156 की कृषि भूमि के दस्तावेज मिले हैं। अधारताल में 47,48,996 की अनुमानित कीमत के कई प्लॉट खरीदे गए। मुडग़वां में 25,91,658 की जमीन का पता चला है। अंबेडकर कॉलोनी में 2800 वर्गफुट के प्लॉट पर 4800 वर्गफुट का दो मंजिला आलीशान पक्का मकान मिला है। पाटन में 3000 वर्गफुट में फैला एक शानदार फार्म हाउस मिला है। पारस कॉलोनी में भी 10,000,00 की लागत से बना एक और दो मंजिला मकान मिला है। लोकायुक्त एसपी अंजू लता पटले ने बताया कि आरोपी के खिलाफ जांच जारी है। आठ बैंक खातों को सीज करने बैंकों को पत्र लिखा गया है। कुछ बैंकों के ट्रांजेक्शन का ब्यौरा मिल गया है जबकि अन्य की डिटेल मिलना बाकी है। विस्तृत जांच के बाद आय से अधिक संपत्ति का आंकड़ा बढ़ सकता है।
