भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस में संगठनात्मक पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसी क्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने डॉ. संजय कामले को मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के परिसंपत्ति एवं संपत्ति विभाग का चेयरमैन नियुक्त किया है।
यह नियुक्ति प्रदेश कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों और विभागों की कार्यकारिणियों को भंग किए जाने के एक दिन बाद की गई है। इसे पार्टी के व्यापक संगठनात्मक पुनर्गठन अभियान का पहला कदम माना जा रहा है।
पार्टी नेताओं के अनुसार, पुनर्गठन का उद्देश्य संगठन को अधिक सक्रिय, सशक्त, प्रभावी और जनोन्मुख बनाना है, ताकि भविष्य की राजनीतिक चुनौतियों का बेहतर ढंग से सामना किया जा सके। इसके तहत प्रदेश कांग्रेस की संगठनात्मक संरचना का चरणबद्ध तरीके से पुनर्गठन किया जाएगा।
पार्टी ने संकेत दिए हैं कि आगामी दिनों में मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के सभी विभागों, प्रकोष्ठों और अग्रिम संगठनों की नई कार्यकारिणियों की भी क्रमिक रूप से घोषणा की जाएगी। कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि नई संरचना से संगठन में बेहतर समन्वय स्थापित होगा, कार्यप्रणाली अधिक सुव्यवस्थित बनेगी और प्रदेशभर में पार्टी की सक्रियता तथा प्रभावशीलता को नई मजबूती मिलेगी।
