डाक विभाग (डीओपी) और एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (एएमएफआई) ने वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के लिए एक अहम पहल की है। इसके तहत अब देशभर के डाकघरों के जरिए म्यूचुअल फंड उपलब्ध कराए जाएंगे। मुंबई में आयोजित एएमएफआई के 30वें स्थापना दिवस समारोह के मौके पर, डीओपी और एएमएफआई ने इस दिशा में सहयोग सुनिश्चित करने के लिए एक ऐतिहासिक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।
यह समझौता 22 अगस्त 2025 से 21 अगस्त 2028 तक तीन वर्षों के लिए प्रभावी रहेगा, जिसमें आगे बढ़ाने (रिन्यूअल) का विकल्प भी मौजूद है। इसमें निवेशकों के डेटा और सेवाओं की अखंडता की सुरक्षा के लिए मजबूत प्रावधान किए गए हैं, जो भारत की वित्तीय सेवाओं में परिचालन उत्कृष्टता का नया मानक स्थापित करेंगे।
