भरतपुर, 11 अप्रैल (वार्ता) लोकसभा में विपक्ष के नेता एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी राजस्थान में निजी यात्रा पर सवाई माधोपुर के रणथंभौर पहुंचे हैं, जहां वह टाइगर सफारी का जमकर लुत्फ उठा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को उन्होंने रणथंभौर के जोन नंबर दो और तीन में सफारी की, जहां उन्होंने बाघिन रिद्धि एवं उसके शावक और बाघिन ऐरोहेड एवं उसके शावकों के दीदार किए। टाइगर सफारी के दौरान श्री गांधी ने लोगों के साथ फोटो खिंचवाये।
इससे पहले श्री गांधी गुरुवार को जोन नंबर दो में बाघिन को शिकार करते देखने के साथ जोन नंबर तीन के गूलर वन क्षेत्र में बाघिन सिद्धि उसके शावक को स्वछंद घूमते देखकर खासे उत्साहित दिखाई दिए। इस दौरान उन्होंने शिवराज एनीकट वन क्षेत्र में बाघिन और उसके शावकों द्वारा किये गये शिकार काे भी देखा।
कांग्रेस नेता अहमदाबाद में आयोजित कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन से बुधवार को सीधे अहमदाबाद से विमान से जयपुर पहुंचे और फिर जयपुर से सड़क मार्ग से सवाई माधोपुर पहुंचे। वह यहां रणथंभौर के शेर बाग़ होटल में ठहरे हैं।

